आदिपुरुष मूवी को लेकर बोले कवासी लखमा-पहले सेंसर बोर्ड से अनुमति दिलाई, अब विरोध कर राजनीति कर रहे
रायपुर : आबकारी मंत्री कवासी लखमा ने प्रभास और कीर्ति सेनन स्टारर फिल्म आदिपुरुष को लेकर अपना बयान दिया है। उन्होंने कहा कि, केंद्र सरकार पहले सेंसर बोर्ड से इस मूवी को अनुमति दिलाती है। जब मूवी रिलीज होती है तो विरोध करवाती है। भगवान राम और हनुमान भाजपाइयों के साथ नहीं है। आबकारी मंत्री ने कहा कि, हम लोग भगवान राम को मानने वाले लोग हैं। देवगुड़ी बनाने वाले लोग हैं।
दरअलस, आबकारी मंत्री कवासी लखमा बस्तर दौरे पर हैं। उन्होंने जगदलपुर एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार पर कई आरोप लगाए। कवासी लखमा ने कहा कि, हम और हमारी सरकार भगवान राम, हनुमान को मानते हैं। हम लोगों ने छत्तीसगढ़ में कौशल्या माता मंदिर बनवाया है। रामवन गमन पथ बनवा रहे हैं। लेकिन भाजपा प्रभु श्री राम के नाम पर सिर्फ राजनीति करती है।
उन्होंने आदिपुरुष मूवी को लेकर कहा कि, ये लोग पहले सेंसर बोर्ड से मूवी को पास करवाते हैं। सर्टिफिकेट देते हैं। फिर उसके बाद विरोध करते हैं। अब ये राजनीति नहीं तो फिर क्या है? यह दोनों मापदंड कैसे चलेगा। जनता सब जानती है। चुनाव के समय प्रधानमंत्री बोलते हैं हनुमान जी का नाम लेकर वोट डालो। इसलिए न तो राम भगवान और न ही हनुमान भाजपा के साथ है। भाजपा का सारा प्रोपोगंडा ज्यादा दिन नहीं चलता है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने दिया था यह बयान
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने कहा था कि सोशल मीडिया के माध्यम से फिल्म आदिपुरुष के कुछ क्लिप की जानकारी मिली है। फिल्म में भाषा, वेशभूषा और सनातन संस्कारों से छेड़छाड़ किया गया है। ये फिल्म धार्मिक भावना को आहत करती है। मैं कड़े शब्दों में इसकी निंदा करता हूं। छत्तीसगढ़ सरकार को ऐसी फिल्म प्रदेश में बैन करनी चाहिए।