भिंड : मध्य प्रदेश में रेत माफिया बेखौफ हैं। खुलेआम अवैध खनन कर रहे हैं। कार्रवाई करने पर पुलिस-प्रशासन पर हमला बोल देते हैं। गुरुवार की रात भिंड में बड़ी घटना हो गई। उमरी में देर रात कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव पर रेत माफिया ने हमला बोल दिया। ट्रैक्टर-ट्रॉली छुड़ाने के लिए बदमाशों ने पथराव किया। कलेक्टर के सुरक्षाकर्मियों ने फायरिंग कर बदमाशों को खदेड़ा। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
रात को अकेले गए थे कलेक्टर
जानकारी के मुताबिक, कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव निजी गाड़ी से गुरुवार रात ककारा रेत खदान का निरीक्षण करने पहुंचे। कलेक्टर के साथ राजस्व अमला और पुलिसकर्मी नहीं थे। कलेक्टर ने रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोका तो ड्राइवर गाड़ी छोड़कर भाग गया। कलेक्टर ने पास में खाली खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली के ड्राइवर से कहा कि वो रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को उमरी थाने पहुंचा दे। कलेक्टर अपनी गाड़ी से उसके पीछे चल पड़े।
कलेक्टर की गाड़ी पर किया पथराव
थोड़ी आगे चलने पर दो वाहनों से कुछ लोग आए। उन्होंने ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोका। कलेक्टर ने भी अपनी गाड़ी रोक दी। ट्रैक्टर रुकवाने वाले लोगों ने कलेक्टर की गाड़ी पर पथराव कर दिया। कलेक्टर के सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत मोर्चा संभाला। चार-पांच राउंड फायर किए। जिसके बाद रेत माफिया के लोग अपनी गाड़ियां छोड़कर भाग निकले।
पुलिस कर रही आरोपियों की तलाश
कलेक्टर पर हमले की सूचना पर उमरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। रेत माफिया के वाहनों के साथ ट्रैक्टर ट्रॉली को थाने लाया गया। थाना प्रभारी शिवप्रताप सिंह राजावत ने कहा कि हमलावरों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा। कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव का कहना है कि रात में अवैध खनन करने वालों पर कार्रवाई करने गए थे। ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त करते समय खनन करने वालों से बहसबाजी हुई थी।