अवैध मादक पदार्थों के शिकायत हेतु ‘मानस’ टोल फ्री नम्बर 1933 संचालित- श्री शर्मा
उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने विधानसभा में नशे के विरुद्ध की गई कार्रवाइयों के बारे में दी जानकारी
रायपुर : प्रदेश में नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री और तस्करी के मुद्दे पर विधानसभा में विधानसभा सदस्यों श्री अजय चंद्राकर एवं श्री धरमलाल कौशिक ध्यान आकर्षण का जवाब उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने दिया। जिसमें उन्होंने बताया कि प्रदेश में चरस, गांजा, ब्राउन शुगर, हेरोईन, अफीम, डोडा, नशीली गोलियों जैसे मादक पदार्थों, अवैध नशीली दवाओं एवं मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री रोकने के लिए शासन दृढ़ संकल्पित है तथा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है।
उपमुख्यमंत्री ने सदन को जानकारी देते हुए बताया कि शासन द्वारा राज्य में पहली बार एनडीपीएस एक्ट के तहत् दर्ज प्रकरणों में सिरे से विवेचना कर आरोपियों, उनके सहयोगी एवं सप्लायर के विरूद्ध वित्तीय जांच भी की जा रही है। पिट्स एनडीपीएस एक्ट को क्रियाशील कर आरोपियों के वित्तीय आधार को खत्म करने का काम किया जा रहा है। पहले अपराधी जेल से निकलकर नशे के कारोबार से कमाए काले धन को एन्जॉय करते थे, पर अब उस पर भी नकेल कसी जा रही है। वर्ष 2025 में 16 आरोपियों की 13 करोड़ 29 लाख 54 हजार 735 रूपए की सम्पत्ति जप्त फ्रीज कराई गई है। वर्ष 2024 से 31 जनवरी 2026 तक 145 आदतन आरोपियों के विरूद्ध कार्रवाई की गई है।
उन्होंने बताया कि विगत चार माह में अवैध मादक पदार्थ तस्करी के 399 प्रकरण दर्ज कर 679 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इन मामलों में 6791 किलोग्राम गांजा, 37 ग्राम ब्राउन शुगर, 484 ग्राम अफीम, 264.35 ग्राम हेरोईन, 16.56 ग्राम कोकीन, 23.84 ग्राम एमडीएमए, 512.880 किलोग्राम डोडा तथा 98,231 नग नशीली दवाइयां जब्त की गई हैं।
उन्होंने बताया कि शासन द्वारा नशे के साधनों पर भी कार्रवाई की जा रही है। जिला रायपुर और दुर्ग में नशा सेवन के साधन जैसे गोगो, स्मोकिंग कोन, रोलिंग पेपर आदि की बिक्री के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान 18 व्यक्तियों के विरुद्ध बीएनएसएस की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस आयुक्त, रायपुर द्वारा इन सामग्रियों को प्रतिबंधित करने हेतु आदेश भी जारी किया गया है। उन्होंने नशे के विरुद्ध अभियान की उपलब्धियों के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि रायपुर जिले के थाना खरोरा अंतर्गत 20 मई 2025 को 27.894 किलोग्राम गांजा जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी 98.46 लाख रुपए की संपत्ति फ्रीज कराई गई है।
इसी प्रकार दिसंबर माह के अंतिम सप्ताह में रायपुर पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर 9 प्रकरणों में 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया और विभिन्न मादक पदार्थ जब्त किए। रायगढ़ में उड़ीसा से नशीली दवाइयों की तस्करी करते पाए जाने पर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर 250 पेंटाजोसीन इंजेक्शन और 160 नाइट्राजेपम टैबलेट जब्त किए गए। बिलासपुर पुलिस ने पिछले दो वर्षों में 181 प्रकरणों में 306 आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी मात्रा में गांजा, अफीम, हेरोईन और अन्य नशीली दवाइयां जब्त की हैं।
उपमुख्यमंत्री ने बताया कि 11 फरवरी 2026 को थाना टिकरापारा में एक आरक्षक से हेरोईन (चिट्टा) बरामद होने पर एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है तथा मामले की विवेचना जारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मादक पदार्थ तस्करी में संलिप्त पाए जाने पर अधिकारियों-कर्मचारियों के विरुद्ध भी वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
आंकड़ों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि वर्ष 2025 में कुल 1288 प्रकरणों में 2342 आरोपियों को गिरफ्तार कर 16,999.7 किलोग्राम गांजा सहित विभिन्न मादक पदार्थ जब्त किए गए। वहीं वर्ष 2026 में 31 जनवरी तक 146 प्रकरणों में 257 आरोपियों की गिरफ्तारी कर बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ जब्त किए गए हैं।
शर्मा ने बताया कि शासन द्वारा सभी जिलों में टास्क फोर्स गठित की गई है तथा 10 जिलों में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) के लिए 100 नए पद स्वीकृत किए गए हैं। एनडीपीएस एक्ट के मामलों में एंड-टू-एंड विवेचना के साथ वित्तीय जांच भी की जा रही है।
‘मानस’ पोर्टल का उपमुख्यमंत्री ने विधानसभा में कराया परीक्षण
उन्होंने बताया कि अवैध मादक पदार्थों की शिकायत हेतु ‘मानस’ टोल फ्री नंबर 1933 चालू किया गया है। जिसपर वरिष्ठ सदस्य श्री अजय चंद्राकर ने उसके सतत कार्य करने को सुनिश्चित करने की ओर ध्यान आकृष्ट किया जिसपर उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने विधायक श्री सुशांत शुक्ला को कॉल लगा कर जांच करने को कहा और श्री शुक्ला ने तुरन्त बाहर जाकर उसकी जांच कर टोल फ्री नम्बर के कार्यरत होने की जानकारी दी। उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने बताया कि शासन की ठोस और प्रभावी कार्रवाई से मादक पदार्थों के सप्लाई और डिमांड नेटवर्क को तोड़ा जा रहा है।
ध्यानाकर्षण पर उपमुख्यमंत्री ने अजय चंद्राकर एवं पूर्व मुख्यमंत्री को धन्यवाद ज्ञापित किया
उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने विधानसभा में सदस्य श्री अजय चंद्राकर एवं श्री धरमलाल कौशिक द्वारा लाये गए ध्यानाकर्षण पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि इस ध्यानाकर्षण से ना सिर्फ सदन को शासन की कार्रवाई की जानकारी मिलेगी अपितु अपराधियों को भी यह समझ में आ जायेगा कि सरकार नशे के व्यापार को समाप्त करने के लिए तत्परता से कार्य कर रही है। उन्होंने पूरे जवाब को सुनने और समझने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल को भी धन्यवाद ज्ञापित किया।
