धान खरीदी केंद्र से 65 लाख के सरकारी धान का गबन, केंद्र प्रभारी सरजू बघेल गिरफ्तार

Featured Latest छत्तीसगढ़ जुर्म

मुंगेली : छत्तीसगढ़ शासन की प्रमुख योजना धान खरीदी में घोटाले की एक बड़ी खबर मुंगेली जिले से सामने आई है। तरवरपुर धान खरीदी केंद्र में 65 लाख रुपये से अधिक मूल्य के सरकारी धान के गबन के मामले में एफआईआर दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर ही आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

एफआईआर के 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपी सरजू बघेल, खरीदी केंद्र तरवरपुर में प्रभारी के पद पर पदस्थ था। जांच में सामने आया कि खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 के दौरान उसने 2094.64 क्विंटल धान का कोई लेखा-जोखा प्रस्तुत नहीं किया। यह धान 3100 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से ₹65,02,684 कीमती था। रिकॉर्ड में यह धान दर्ज तो था, लेकिन भौतिक रूप से कहीं उपलब्ध नहीं पाया गया।

एफआईआर के बाद ताबड़तोड़ कार्रवाई

तरवरपुर केंद्र की अनियमितता की जांच रिपोर्ट मिलने के बाद सेतगंगा शाखा के जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के प्रबंधक सुमरन दास मानिकपुरी ने फास्टरपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। इसके आधार पर थाना फास्टरपुर में अपराध क्रमांक 65/2025 दर्ज कर, भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 318(4) एवं 316(5) के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया।

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी मयंक तिवारी के पर्यवेक्षण में तत्काल कार्रवाई की गई।

भागने की कोशिश नाकाम, दस्तावेज जब्त

पुलिस ने ग्राम फंदवानीकापा स्थित आरोपी के घर दबिश दी। सरजू बघेल ने मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने चारों तरफ से घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने गबन की बात कबूल की। पुलिस ने धान खरीदी रजिस्टर और अन्य आवश्यक दस्तावेज जब्त कर लिए हैं। इसके बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।

लोगों को शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *