पैसे-पैसे के मोहताज था पति, पत्नी की कंजूसी से तंग आकर कर दी हत्या

Featured Latest छत्तीसगढ़ जुर्म

रायपुर| कोरबा जिले में मायके वालों को सैलरी के पैसे देने से नाराज एक पति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। दोनों के बीच इसे लेकर अक्सर विवाद होता रहता था। घटना हरदी बाजार चौकी क्षेत्र की है। पुलिस ने शनिवार को आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी रेशम विभाग में फील्डमैन के पद पर पदस्थ है।

घटना उतरदा रोड स्थित यदुनाथ सिंह राठौर के मकान में किराये से रहने वाले धरम सिंह सिदार के घर पर हुई। शुक्रवार रात को धरम सिंह सिदार (45 वर्ष) का पत्नी रजनी सिदार (40 वर्ष) से एक बार फिर विवाद हुआ। जिसके बाद गुस्साए पति ने पत्नी का सिर दीवार पर मारना शुरू किया, इससे वो लहुलूहान हो गई। इस पर भी उसका मन नहीं भरा, तो उसने पत्नी का गला भी घोंट दिया। जिससे मौके पर ही रजनी की मौत हो गई।इसके बाद पति ने अपना जुर्म छिपाने के लिए पत्नी के शव को कंबल में लपेटकर फरार हो गया। दोनों का 18 साल का एक बेटा है, जिसका नाम हेमंत है। वो अपने मामा के घर दीपका के सिरकी गांव में रहता है। मकान मालिक यदुनाथ सिंह राठौर ने जब काफी देर तक दोनों पति-पत्नी धरम और रजनी को नहीं देखा, तो उसे मामला कुछ संदिग्ध लगा। उसने तुरंत इनके बेटे हेमंत को फोन किया और कहा कि तुम्हारी मां कई घंटों से घर से बाहर नहीं निकली है और पिता भी दिखाई नहीं दे रहे हैं, जबकि घर के सामने का दरवाजा भी खुला हुआ है।

इसके बाद बेटे हेमंत ने भी माता-पिता को फोन करना शुरू किया, लेकिन किसी ने कॉल नहीं उठाया। इसके बाद वो अपने मामा जोगेंद्र सिंह नेताम के साथ हरदीबाजार स्थित घर आया। उसे सामने का दरवाजा खुला हुआ मिला। वे लोग अंदर कमरे में आए, तो बेडरूम में मां रजनी सोई मिली और उसके ऊपर कंबल ढंका हुआ मिला। बेटे ने जैसे ही कंबल हटाया, मां का लहुलूहान शव बिस्तर पर पड़ा हुआ मिला। इसे देख बेटा बिलख-बिलखकर रोने लगा। वहीं उसका पिता धरम सिंह भी घर में नहीं था। पुलिस खबर मिलते ही घटनास्थल पर पहुंची और मौका मुआयना कर लाश को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। बेटे हेमंत, भाई जोगेंद्र सिंह, मकान मालिक यदुनाथ सिंह और आसपास के लोगों के बयान दर्ज किए गए। पुलिस ने देखा कि कमरे में भी जगह-जगह खून बिखरा पड़ा है। पुलिस ने सबसे पहले पति धरम सिंह को कॉल लगाया, तो उसका मोबाइल स्विच ऑफ मिला, इससे पुलिस का शक उस पर पुख्ता हो गया। पुलिस ने टीम बनाकर आरोपी की तलाश शुरू की।

आरोपी ने बताया कि शुक्रवार को उसने रजनी से खर्च के लिए कुछ पैसे मांगे, लेकिन उसने पैसा देने से इनकार कर दिया। इस पर दोनों के बीच विवाद हो गया और गुस्से में आकर उसने रजनी का सिर दीवार पर कई बार मारा। इसके बाद गला दबाकर हत्या कर दी और शव को बिस्तर पर लिटाकर और उस पर कंबल ओढ़ाकर वो भाग गया। आरोपी के जुर्म कबूल करते ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ पुलिस ने IPC की धारा 302 के तहत केस दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

लोगों को शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *