गृहमंत्री अमित शाह ने कहा, 2024 में मोदी जी को प्रधानमंत्री बनाना है तो,छत्तीसगढ़ में बीजेपी की सरकार बनवाएं
रायपुर| केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह के कोरबा पहुंचने पर बीजेपी कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया है। वे झारखंड के चाईबासा से सीधे कोरबा पहुंचे पहले उन्हें राजधानी रायपुर होते हुए कोरबा पहुंचना था। लेकिन ऐन मौके पर उनके दौरे में बदलाव किया गया। कोरबा पहुंचने के बाद अमित शाह का बीजेपी नेताओं ने जोरदार स्वागत करते हुए हल भेंट किया गया।
जनसभा को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि,श्रीराम के ननिहाल छत्तीसगढ़ आना उनका सौभाग्य है। यहां की जनता ने बीजेपी को 15 साल शासन करने का मौका दिया, उसके लिए धन्यवाद। उन्होंने कहा कि पहले सभी छत्तीसगढ़ को बीमारू राज्य कहते थे, लेकिन बीजेपी ने इसे बीमारू से विकसित राज्य बनाने की ओर अग्रसर किया। अमित शाह ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि ये केवल झूठ बोलते हैं। कांग्रेस ने भ्रष्टाचार करने के अलावा कुछ नहीं किया। गृहमंत्री अमित शाह ने आगे कहा कि हमने 15 सालों में प्रदेश से नक्सलवाद को खत्म किया। कांग्रेस ने आदिवासियों के लिए क्या किया? कांग्रेस सरकार ने जनजातियों के लिए क्या किया? उन्होंने कहा कि बीजेपी ने आदिवासी बेटी द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति बनाया।
मंदिर दर्शन के बाद बैठक :- जनसभा के बाद अमित शाह सर्वमंगला मंदिर दर्शन के लिए गए। वहां से दर्शन करने के बाद शाह ने बीजेपी नेताओं की बैठक ली। इसके बाद वह हेलिकॉप्टर से बिलासपुर रवाना हो गए हैं। बिलासपुर से वो सीधे दिल्ली रवाना हो जाएंगे।
कार्यक्रम में नहीं पहुंच पाए पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह :- शाह के संबोधन के दौरान मंच पर पूर्व सीएम रमन नजर नहीं आए। रमन सिंह शाह के कार्यक्रम के बाद कोरबा पहुंचे। कहा जा रहा है कि रमन सिंह रायपुर में ही उनका इंतजार कर रहे थे। दोनों को रायपुर से साथ में ही आना था। मगर शाह झारखंड से सीधे कोरबा पहुंच गए थे। यही वजह रही कि बाद में रमन सिंह कोरबा पहुंचे और बीजेपी की बैठक में शामिल हुए।