खैर लकड़ी के अवैध परिवहन मामले में बड़ी कार्रवाई: आरोपी मनीष अग्रवाल के मकान पर पुलिस ने दी दबिश, 81 लाख कैश बरामद

Featured Latest छत्तीसगढ़ जुर्म

महासमुंद। खैर (कत्था) लकड़ी के अवैध परिवहन और फर्जी NOC के मामले में महासमुंद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले में आरोपी मनीष अग्रवाल के मुड़पार सरसीवां, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ स्थित मकान में दबिश देकर तलाशी ली। इस दौरान पुलिस को घर से 81 लाख रुपये नकद बरामद हुए।

लिस के मुताबिक, आरोपी मनीष अग्रवाल पहले ही जेल में बंद है। उसके घर से बरामद रकम में 500-500 रुपये के नोटों की 162 गड्डियां शामिल हैं। पुलिस ने इस राशि को मामले से संबंधित अपराध से अर्जित संपत्ति मानते हुए इसकी कुर्की की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पूरा मामला फर्जी NOC तैयार कर 23,350 किलो खैर लकड़ी के अवैध परिवहन से जुड़ा है। इस संबंध में महासमुंद जिले के पिथौरा थाना में भारतीय न्याय संहिता (BNS) और भारतीय वन अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

जांच के दौरान पुलिस को आरोपी से जुड़े ठिकाने पर बड़ी मात्रा में नकदी होने की जानकारी मिली थी। इसके बाद न्यायालय से प्राप्त सर्च वारंट के आधार पर 7 सितंबर को आरोपी के मकान की तलाशी ली गई।

केयरटेकर और गवाहों की मौजूदगी में तलाशी

पुलिस ने बताया कि मकान की तलाशी केयरटेकर और गवाहों की मौजूदगी में नियमानुसार की गई। तलाशी के दौरान 81 लाख रुपये की नकदी बरामद हुई, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है।

अब पुलिस इस रकम को अपराध से अर्जित संपत्ति मानते हुए इसे न्यायालय के माध्यम से कुर्क कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ा रही है। इसके लिए पुलिस BNSS की धारा 107 के तहत न्यायालय में कुर्की के लिए आवेदन पेश करेगी।

पुलिस की यह कार्रवाई अवैध वनोपज के परिवहन और फर्जी दस्तावेजों के जरिए किए जा रहे कारोबार पर शिकंजा कसने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।

लोगों को शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *