रायपुर| बस्तर में माओवादियों की दक्षिण बस्तर डिवीजन कमेटी ने पुलिस फोर्स पर ड्रोन और हेलीकॉप्टर से हमला करने का आरोप लगाया है। माओवादियों के इन आरोपों के बाद बस्तर के आईजी सुंदरराज पी ने इसे फोर्स को बदनाम करने की नक्सलियों की साजिश बताया है। आईजी ने कहा कि, बस्तर में माओवादियों की ताकत अब धीरे-धीरे कम होती जा रही है। उनके पैरों से जमीन खिसक रही है। इसलिए वे बौखलाए हुए हैं।
आईजी सुंदरराज पी ने कहा कि, इससे पहले भी माओवादी फोर्स पर इस तरह का आरोप लगा चुके हैं। लेकिन, ये आरोपों कभी प्रूफ नहीं हो पाए हैं। आईजी का कहना है कि, नक्सली कमजोर होते जा रहे हैं। इसलिए अपने कैडर्स का मनोबल बनाए रखने के लिए वे तरह की बातें कह रहे हैं। उन्होंने कहा कि, दक्षिण बस्तर डिवीजन कमेटी की तरफ से जारी की गई प्रेस विज्ञप्ति की भी हम जांच कर रहे हैं।
बुधवार को छत्तीसगढ़-तेलंगाना राज्य की सीमा पर पुलिस नक्सली मुठभेड़ हुई है। आईजी ने कहा कि, इस मुठभेड़ में नक्सलियों ने फोर्स पर हमला किया था। हमने जवाबी कार्रवाई की थी। मुठभेड़ में सारे जवान सुरक्षित हैं। साथ ही नक्सलियों को कितना नुकसान हुआ है उसकी जांच की जा रही है। फोर्स अब भी लगातार सर्च ऑपरेशन कर रही है। कुछ समय के बाद स्थित स्पष्ट हो जाएगी।