9 महीने पहले हुई अंधे कत्ल की सुलझी गुत्थी, मितानिन की हत्या के मामले में 1 आरोपी गिरफ्तार, आवास योजना के पैसों का विवाद आया सामने

Featured Latest छत्तीसगढ़ जुर्म

कांकेर : जिले के दुर्गकोंदल थाना क्षेत्र में 9 महीने पहले हुई मितानिन प्रेरक जयंती मंडल की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है. इस सनसनीखेज हत्याकांड में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है. हत्या की वजह आवास योजना के पैसों का विवाद सामने आया है. 18 जून 2025 को लिगभंगदरहा जंगल के पगडंडी मार्ग में एक अज्ञात महिला का शव संदिग्ध हालत में मिला था.

पत्थर से वार कर बेरहमी से हत्या

महिला के सिर और चेहरे पर पत्थर से वार कर बेरहमी से हत्या की गई थी. जांच के दौरान मृतका की पहचान जयंती मंडल निवासी ग्राम चिखली के रूप में हुई, जो दुर्गकोंदल क्षेत्र में मितानिन प्रेरक के रूप में कार्यरत थीं. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई. तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी तक पहुंच बनाई.

तारकचंद विश्वकर्मा उर्फ चंदन को हिरासत लिया

पुलिस ने ग्राम सोनपाल निवासी तारकचंद विश्वकर्मा उर्फ चंदन को हिरासत में लेकर पूछताछ की. शुरुआत में आरोपी पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया. पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी मां के नाम पर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 40 हजार रुपये मिले थे. घर निर्माण का काम जयंती मंडल को दिया गया था, लेकिन पैसे लेने के बाद भी निर्माण कार्य नहीं किया गया.

काम का झांसा देकर बुलाया

कई बार पैसे वापस मांगने के बावजूद टालमटोल किए जाने से आरोपी नाराज हो गया और हत्या की योजना बना डाली. 18 जून को आरोपी ने जयंती मंडल को दूसरे काम का झांसा देकर जंगल में बुलाया. वहां पैसों को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी ने पत्थर से सिर पर वार कर उनकी हत्या कर दी. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है. मामले में आगे की कार्रवाई जारी है.

लोगों को शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *