०० महिला प्रहरी से मारपीट के मामले में पुलिस ने मोनिका के खिलाफ दर्ज किया केस
रायपुर| राजधानी की पुरानी बदमाश मोनिका सचदेव इन दिनों जेल में हैं, मगर उसने वहां भी कांड कर दिया। मोनिका ने महिला प्रहरी को इस कदर पीटा है कि उसके हाथ में प्लास्टर करना पड़ गया। मोनिका ने इस दौरान महिला प्रहरी को खूब डराया धमकाया है। इस मामले में शनिवार को रायपुर की पुलिस माेनिका के खिलाफ एक और केस दर्ज किया है। मोनिका के खिलाफ पहले ही कोतवाली, सिविल लाइंस जैसे थानों में कई केस दर्ज हैं।
मोनिका जेल के अंदर भी अपनी डॉन गिरी दिखा रही है। कभी दूसरी कैदियों को धमकाती है तो कभी जेल में तैनात सुरक्षाकर्मियों से उलझ जाती है। इसी चक्कर ने अब इसने महिला जेल प्रहरी को पीटा है। दरअसल महिला जेल प्रहरी माधुरी वर्मा ने मोनिका को अनुशासन में रहने को कहा। जेल के भीतर के कायदों को अपनाने को कहा, ये बात मोनिका को रास न आई, उसने पहले तो माधुरी के साथ बहस शुरू की और मौका पाकर उस पर हमला कर दिया। सूत्रों के मुताबिक दूसरी कैदियों के सामने ही मोनिका ने माधुरी को पटका और लातों से पीटती रही। बीच-बचाव करने आए जेल के दूसरे कर्मचारियों ने मुश्किल से माधुरी को वहां से निकाला। माधुरी ने जांच करवाई तो डॉक्टर ने हाथ में प्लास्टर करने को कहा। अब गर्दन से प्लास्टर बंधा हाथ लटकाए माधुरी गंज थाने पहुंची और पुलिस को सारी बात बताकर मोनिका के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई।
मोनिका सचदेव कोतवाली इलाके की निगरानीशुदा बदमाश है। आए दिन जेल जाना, पुलिस की हिरासत में रहना इस महिला के लिए आम बात है। ये कई तरह के अवैध धंधों, गांजे की तस्करी, लोगों को धमकाना, मार-पीट जैसे मामलों में आरोपी रही है। बीते 2 अगस्त को सिविल लाइंस थाने की पुलिस इसे गिरफ्तार किया। गांजे की तस्करी के एक मामले में पुलिस ने कुछ दिन पहले 9 बदमाशों को पकड़ा था। उनसे मोनिका भी जुड़ी हुई थी। इस केस में पुलिस को गिरफ्तार हुए लोगों के कब्जे से कुल 24.916 किलोग्राम 2.50 लाख रुपए का गांजा, 7400 नाइट्रोसन-10 नशीली टेबलेट जिनकी कीमत 44,030 है, 24000 अल्फाजोलम नशीली टेबलेट जिसकी कीमत 5,40,224 है, 2750 पेंटाजोसिन नशीली इंजेक्शन जिसकी कीमत 66,660, 220 ग्राम चरस जिसकी कीमत 2 लाख है मिले थे। इसी केस में मोनिका पिछले महीने गिरफ्तार हुई और अब जेल की प्रहरी को पीटने का कांड कर दिया।