इंदौर : पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले में इंदौर के सुशील नाथेनियल की भी मौत हुई है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार सुनील एमआर-10 स्थित अभिनंदन नगर के निवासी थे। परिजन के अनुसार आतंकवादियों ने पहले सुनील को घुटनों पर बैठाया उसके बाद उन्हें कलमा पढ़ने के लिए मजबूर किया।
जब उन्होंने अपना धर्म क्रिश्चियन बताया तो आतंकवादियों ने गोलियों से भून दिया। उनकी बेटी पर भी गोली चलाई गई जो पैर में लगी। घटना से पहले उन्होंने पत्नी को छिपा दिया था। वे एलआईसी की आलीराजपुर शाखा में पदस्थ थे।
शाम को आएगा पार्थिव शरीर
सुशील नथानीयल का पार्थिव शरीर शाम 5.30 बजे इंदौर एयरपोर्ट पहुंचेगा। पार्थिव शरीर के साथ अभी पत्नी, बेटा और बेटी श्रीनगर से जम्मू के लिए निकले है। यहां से इंदौर आएंगे। साउथ तुकोगंज कब्रिस्तान में अंतिम क्रिया होगी।
इंदौर की दो महिलाएं घायल
पहलगाम में हुए आतंकी हमले में शहर की दो महिलाएं बाल-बाल बचीं। एक महिला तो भगदड़ में घायल भी हो गई। दूसरी महिला गोलियों की आवाज और पर्यटकों के शव देखने के बाद अवसाद में चली गईं। उनका उपचार चल रहा है। सेना ने इंदौर पुलिस को सूची साझा करते हुए कहा कि महिलाओं का नाम जेनिफर और आकांक्षा है। उनके सामने ही आतंकवादियों ने गोलियां चलाईं।