रायपुर : रायपुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना न्यू राजेन्द्र नगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी के एक अंतर्राज्यीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 20.300 किलोग्राम गांजा, एक स्विफ्ट कार और दो मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। जब्त मशरूका की कुल कीमत लगभग 7.55 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 7 फरवरी 2026 को थाना न्यू राजेन्द्र नगर पुलिस को सूचना मिली थी कि लालपुर ओवरब्रिज के नीचे, केनाल रोड स्थित कुष्ठरोग अस्पताल के पास एक चारपहिया वाहन में सवार कुछ लोग गांजा लेकर उसकी डिलीवरी के लिए ग्राहक की तलाश कर रहे हैं।
सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (वेस्ट जोन) संदीप पटेल के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा, सहायक पुलिस आयुक्त राजेन्द्र नगर नवनीत पाटिल एवं थाना प्रभारी निरीक्षक नरेन्द्र कुमार मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी।
पुलिस टीम को देखते ही वाहन में सवार दो आरोपी मौके से फरार हो गए, जबकि चालक सीट पर बैठे एक व्यक्ति को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम हिमांशु केशरवानी (29 वर्ष), निवासी प्रयागराज, उत्तर प्रदेश बताया।
वाहन की तलाशी लेने पर अलग-अलग पैकेटों में 20.300 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर गांजा उड़ीसा के कालाहांडी से लाकर रायपुर एवं उत्तर प्रदेश में बिक्री करता था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से गांजा (कीमत लगभग 2.05 लाख रुपये), स्विफ्ट कार क्रमांक CG 04 MT 1518 (कीमत लगभग 5 लाख रुपये) और वीवो कंपनी के दो मोबाइल फोन (कीमत लगभग 50 हजार रुपये) जब्त किए हैं।
थाना न्यू राजेन्द्र नगर में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 56/26, धारा 20(बी) नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। प्रकरण में संलिप्त दोनों फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस द्वारा बैकवर्ड एवं फॉरवर्ड लिंकेज के आधार पर एंड-टू-एंड जांच और वित्तीय जांच भी की जाएगी।
