रायपुर। छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार के मंत्रिमंडल का विस्तार कल यानी मंगलवार को होना तय हो गया है। इसके लिए राजधानी रायपुर के इंनडोर स्टेडियम में तैयारियां शुरू हो गई हैं। सूत्रों के मुताबिक कल शाम को 8 मंत्री शपथ ले सकते हैं। उल्लेखनीय है कि, कल से ही विधानसभा का सत्र शुरू हो रहा है। विधानसभा में कल नवनिर्वाचित विधायक विधानसभा की सदस्यता की शपथ लेंगे। इसके बाद शाम को मंत्रियों के शपथ ग्रहण समारोह होगा। इसके लिए रायपुर के इंडोर स्टेडियम में शपथ ग्रहण समारोह की तैयारी शुरू हो गई है।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, कल 8 मंत्री कैबिनेट में शामिल होंगे। इसके बाद सीएम और दो डिप्टी सीएम सहित कुल 11 लोगों का कैबिनेट हो जाएगा। इसके बाद 2 और मंत्रियों का पद खाली रहेगा। माना जा रहा है कि शेष बचे दो पद लोकसभा चुनाव के बाद भरे जाएंगे। मुख्यमंत्री श्री साय के मंत्रिमंडल में शामिल होने वालों में पहला नाम ओपी चौधरी का तय माना जा रहा है। इसके अलावा दूसरे आईएएस नीलकंठ टेकाम को मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने की चर्चा है।
बस्तर से ये नाम हैं चर्चा में
कल मंत्रिमंडल में जो नाम शामिल हो सकते हैं उनमें रायपुर दक्षिण सीट से आठवीं बार के विधायक बृजमोहन अग्रवाल का नाम भी शामिल है। बस्तर संभाग ने दो मंत्री बनाए जा सकते हैं। इनमें नीलकंठ टेकाम के साथ केदार कश्यप, लता उसेंडी और किरण देव का नाम चर्चा में है। रायपुर संभाग से बृजमोहन के साथ अजय चंद्राकर और एससी कोटे से गुरु खुशवंत साहेब का नाम आगे चल रहा है। सरगुजा संभाग से रामविचार नेताम, रेणुका सिंह और गोमती साय का नाम शामिल है। बिलासपुर संभाग से अमर अग्रवाल और धरलाल कौशिक को मंत्री बनाए जाने की चर्चा है।
22 को फिर दिल्ली जाने वाले हैं सीएम साय, ऐसे में शपथ पर संशय
इस बीच एक खबर और आ रही है। वह यह है कि सीएम विष्णुदेव साय 22 दिसंबर को फिर से दिल्ली जाने वाले हैं। ऐसे में कल शपथ ग्रहण समारोह होने पर कुछ लोग संदेह जता रहे हैं, लेकिन इंडोर स्टेडियम में इसकी तैयारी शुरू हो चुकी है। इधर, आज सुबह दिल्ली से लौटे सीएम साय ने एयरपोर्ट पर मीडिया से चर्चा करते हुए बताया कि दिल्ली में राष्ट्रीय नेताओं से मुलाकात हुई है। शीघ्र ही मंत्रिमंडल का विस्तार किया जाएगा। मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने वाले चेहरों को लेकर पूछे गए प्रश्न पर साय ने कहा कि, मंत्रिमंडल में नए और पुराने दोनों चेहरे होंगे। मंत्रिमंडल नए-पुराने चेहरे मिल जुलाकर रहेगा। विधानसभा सत्र से पहले मंत्रिमंडल के विस्तार के सवाल पर साय ने कहा कि थोड़ा इंतजार करें जल्द हो जाएगा।