रायपुर : बीजेपी ने आगामी राज्य सभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया है. वहीं भाजपा ने छत्तीसगढ़ से राज्य सभा के लिए लक्ष्मी वर्मा को अपना प्रत्याशी बनाया है.
बीजेपी ने आगामी राज्य सभा चुनाव के लिए अपने 9 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर दी है. जिसमें छत्तीसगढ़ से लक्ष्मी वर्मा के नाम पर मुहर लगाई गई है. पार्टी नेतृत्व ने संगठनात्मक अनुभव, सामाजिक समीकरण और क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया है. लक्ष्मी वर्मा लंबे समय से पार्टी की सक्रिय कार्यकर्ता रही हैं और विभिन्न दायित्वों का निर्वहन कर चुकी हैं.
पार्टी में कई पदों पर निभा चुकी हैं जिम्मेदारी
लक्ष्मी वर्मा को संगठन में काफी अनुभव रहा है. लक्ष्मी वर्मा जिला पंचायत अध्यक्ष रह चुकी हैं. पिछली बार उनकी बलौदाबाजार से टिकट की दावेदारी थी. लेकिन उन्हें टिकट नहीं मिला. बीजेपी में प्रदेश प्रवक्ता रही हैं. महिला मोर्चा के भी कई पदों पर रह चुके हैं.
भाजपा ने जातिगत समीकरण साधने की कोशिश की
लक्ष्मी वर्मा को राज्यसभा प्रत्याशी बनाने के पीछे जातिगत समीकरण एक बड़ा कारण है. पिछली बार बीजेपी ने जिसे राजगढ़ से राज्यसभा भेजा था, वो आदिवासी वर्ग से थे. इसलिए इस बार ये कहा जा रहा था कि ओबीसी वर्ग या एससी वर्ग से किसी का नाम आ सकता है. लक्ष्मी वर्मा ओबीसी वर्ग से कुर्मा समाज से आती हैं. उन्हें पार्टी जो भी काम देती है, उसे वे बखूबी निभाती हैं.
विधानसभा चुनाव के पहले उन्होंने पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता के रूप में भी काफी बेहतर काम किया था. वे जिस समाज से आती हैं, उसी समाज से छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी आते हैं. इसलिए पावर बैलेंस करने के लिए, महिला चेहरा, जातिगत समीकरण को देखते हुए बीजेपी को लक्ष्मी वर्मा सबसे मुफीद उम्मीदवार लगीं.
संघ की करीबी रहीं हैं लक्ष्मी वर्मा
जानकार बताते हैं कि लक्ष्मी वर्मा को पार्टी ने जब भी जो पद दिया, उस पद को उन्होंने सहर्ष स्वीकार किया. आरएसएस में वे काफी दिनों से सक्रिय हैं. संघ की वे काफी करीबी भी रही हैं. बीजेपी ने इससे पहले एक मात्र महिला नेता सरोज पांडेय को राज्यसभा भेजा था. सरोज पांडेय का कुछ दिनों पहले ही कार्यकाल पूरा हुआ है. अब बीजेपी छत्तीसगढ़ से राज्यसभा के लिए जाने वाली ये दूसरी महिला होंगी.
