मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कहा-ट्रांसपोर्ट नगर नहीं, बल्कि कलेक्टर शिफ्ट होगा
रायपुर| कोरबा जिले में राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल का अधिकारियों को फटकारते हुए वीडियो सामने आया है, यह वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। उन्होंने अधिकारियों को कलेक्टर संजीव झा के बहाने फटकार लगाते हुए कहा कि यहां ”कलेक्टरी करने आया है या घूसखोरी करने”। वे बरबसपुर में बनने वाले नए ट्रांसपोर्ट नगर में रोड़ा लगाए जाने से खफा थे। बरबसपुर पहुंचे मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने अधिकारियों के सामने कलेक्टर को खुली धमकी दी। उन्होंने कहा कि ये ट्रांसपोर्ट नगर कहीं शिफ्ट नहीं होगा, अगर कोई शिफ्ट होगा तो वो है कलेक्टर। राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ट्रांसपोर्ट नगर को बरबसपुर से हटाकर झगहरा गांव में शिफ्ट करने से नाराज थे।
शुक्रवार को मंत्री के बुलावे पर कलेक्टर संजीव झा नहीं पहुंचे थे। मंत्री ने कहा कि मैंने मुख्य सचिव से पता किया है कलेक्टर ने कोई छुट्टी नहीं ली है और ना ही उसकी तबीयत खराब है। इस दौरान एडीएम् विजेंद्र पाटले, एसडीएम सीमा पात्रे और तहसीलदार मुकेश देवांगन मौके पर मौजूद थे। राजस्व मंत्री ने कोरबा जिले के अफसरों को सख्त शब्दों में हिदायत दी कि टीपी नगर तो बरबसपुर में ही बनेगा। दरअसल कोरबा शहर के बीचोंबीच टीपी नगर संचालित है। जहां हजारों ट्रकों की मरम्मत होती है। इसके कारण मुख्य मार्केट प्रभावित होता है। इस बात को ध्यान में रखते हुए इस टीपी नगर को शहर से दूर स्थापित करने के लिए योजना बनाई गई। बरबसपुर में नया ट्रांसपोर्ट नगर बनाने की योजना बनाई गई। इसके लिए जमीन प्रस्तावित हो गई, लेकिन अब एक नया बखेड़ा खड़ा हो गया है। जिसके चलते खुद प्रदेश के राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल को सामने आना पड़ा। जयसिंह अग्रवाल ने प्रस्तावित जमीन के पास पहुंचकर पहले अफसरों को बुलाया और जमकर फटकार लगाई।
जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि ये जमीन न्यू टीपी नगर के लिए प्रस्तावित था, लेकिन अब कलेक्टर संजीव झा, अपर कलेक्टर विजेंद्र पाटले और अन्य अफसरों की लापरवाही के कारण जमीन को बदला जा रहा है। यह बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कितना भी कोई अपने को पावरफुल अधिकारी समझता हो, मेरे विधानसभा क्षेत्र में किसी की मनमर्जी या गुंडागर्दी चलने नहीं दूंगा। राजस्व मंत्री ने कहा कि नए ट्रांसपोर्ट नगर का बनना शहर विकास व नागरिकों की सुविधा के लिए जरूरी है। महापौर राजकिशोर प्रसाद ने उसकी जानकारी उन्हें पहले दी थी। शुक्रवार की दोपहर राजस्व मंत्री, महापौर सहित अन्य नगरीय निकाय प्रतिनिधि बरबसपुर पहुंचे। वहां पहले से ही सूचना पर आयुक्त प्रभाकर पांडेय, एडीएम विजेन्द्र पाटले, एसडीएम सीमा पात्रे, तहसीलदार मुकेश देवांगन भी मौजूद थे।