रायपुर : ईवीएम को लेकर कांग्रेस और भाजपा में बवाल शुरू हो गया है। 4 जून को लोकसभा चुनाव का रिजल्ट आना है। इससे पहले पीसीसी चीफ दीपक बैज ने ईवीएम् को लेकर कहा कि, भारत निर्वाचन आयोग को शंका का समाधान करना चाहिए। सुप्रीम कोर्ट के वकीलों ने पीआईएल दाखिल करके इसकी मांग भी की थी। इसी मामले पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कहा कि, चुनाव के साथ ही कांग्रेस ने हार का बहाना ढूंढना शुरू कर दिया था। अंतिम चरण में इंडी गठबंधन का सफाया होता दिख रहा है। ईवीएम् पर प्रश्नचिन्ह उठाने का काम कांग्रेस कर रही है। न्यायालय ने स्पष्ट कर दिया है कि ईवीएम् में छेड़छाड़ नहीं हुई है।
लोकतंत्र को बदनाम करने की कोशिश
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि, विपक्ष लोकतंत्र को बदनाम करने की कोशिश कर रही है। कांग्रेसी हार का बहाना ढूंढने के लिए ईवीएम् का सहारा ले रहे हैं।
24 घंटे में आना चाहिए परसेंटेज
पीसीसी चीफ दीपक बैज ने बताया कि, वोटिंग के 10-12 दिन के बाद वोटिंग परसेंटेज बढ़ जाता है। यह देश की हर राजनीतिक पार्टी के लिए चिंता का विषय है। मशीनें जमा होने के 24 घंटे में फाइनल वोट परसेंटेज आना चाहिए, लेकिन ऐसा नहीं होता।
तरह-तरह के हथकंडे रही भाजपा
कुछ दिन पहले भाजपा के पोस्टर अटैक को लेकर पीसीसी चीफ दीपक बैज ने कहा था कि, भाजपा को आने वाले चुनाव में हार दिखाई दे रही है। बौखलाहट में वे तरह-तरह के हथकंडे अपना रहे हैं। इंडिया गठबंधन के लिए पूरे देश में जबरदस्त माहौल है। स्पष्ट बहुमत के साथ इंडिया गठबंधन की सरकार बन रही है। हार नरेंद्र मोदी के चेहरे पर झलक रही है।