बिलासपुर. मोपका के अरपा विहार में घटित एक सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. मृतक की हत्या किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि उसके ही बेटे और दामाद ने की थी. पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है.
घटना 11 दिसंबर 2025 की रात 11.30 से सुबह 8.30 बजे के बीच की है. 12 दिसंबर को मृतक की पत्नी छैली बाई साहू ने सूचना दी कि, उसका पति शंभु राम साहू घर के भीतर बेड पर मरा पड़ा है. उसके सिर पर चोट के निशान हैं.सूचना पर सरकंडा पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पंचनामा एवं पोस्टमार्टम कराया. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण हत्या पाया गया.
इसके बाद अज्ञात आरोपी के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई. जांच के दौरान मृतक का बेटा 21 वर्षीय जय किशन साहू एवं दामाद 25 वर्षीय किसन साहू से पूछताछ की गई, जिसमें दोनों ने अपराध स्वीकार कर लिया. आरोपियों ने बताया कि, शंभु शराब पीने के बाद परिवार के लोगों से मारपीट करता था, जिससे तंग आकर उन्होंने रस्सी से उसका गला दबा दिया.
