भोपाल : मध्य प्रदेश की दो विधानसभा सीटों में हुए उपचुनाव में भाजपा को बड़ा झटका लगा है। मोहन सरकार में वन मंत्री अपनी परंपरागत सीट विजयपुर से चुनाव हार गए। कांग्रेस के मुकेश मल्होत्रा ने उन्हें करीब 7 हजार वोटों से चुनाव हरा दिया। जबकि, सीहोर जिले की बुधनी कांटे की टक्कर के बीच भाजपा प्रत्याशी रमाकांत भार्गव ने जीत दर्ज कर ली।
श्योपुर की विजयपुर सीट कांग्रेस की परंपरागत सीट मानी जाती है। रामनिवास रावत यहां से 6 बार विधायक रहे। 2023 के विधानसभा चुनाव में भी उन्होंने जीत दर्ज की थी, लेकिन 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले उन्होंने कांग्रेस से इस्तीफा देकर भाजपा ज्वाइन कर ली। लेकिन 5 माह बाद हुए उपचुनाव में कांग्रेस के नए चेहरे मुकेश मल्होत्रा ने उन्हें चुनाव हरा दिया।
कौन हैं मुकेश मल्होत्रा?
श्योपुर की विजयपुर विधानसभा सीट से वन मंत्री रामनिवास रावत को हराने वाले मुकेश मल्होत्रा आदिवासी समुदाय से आते हैं। 2023 के विधानसभा चुनाव में भी उन्होंने विजयपुर से चुनाव लड़ा था और निर्दलय प्रत्याशी के तौर पर 40 हजार से अधिक वोट प्राप्त किए थे। मुकेश मल्होत्रा 42 साल के हैं। उनका जन्म कराहल जनपद के शिलपुरी गांव में छोटेलाल आदिवासी के यहां हुआ था। पिता सामान्य किसान हैं।
मुकेश मल्होत्रा ने एलएलबी और समाजशास्त्र से एमए किया हुआ है। उनके दो बेटियां और एक बेटा है। सम्पत्ति के नाम पर उनके पास शिलपुरी गांव में दो कमरे का कच्चा मकान और कराहल में एक पक्का घर है।
मुकेश मल्होत्रा गाड़ियों के शौकीन हैं। उनके पास 2023 मॉडल की थार जीप, एक महिंद्र पिकअप, एक्टिवा और एक बाइक है। पत्नी के नाम पर एक खदान भी आवंटित हैं। जबकि, उन्होंने अपना पेशा मजदूरी बताया है।
मुकेश मल्होत्रा और उनकी पत्नी के पास 46 लाख की सम्पत्ति है। चुनाव अयोग को दिए एफिडेविड में उन्होंने करीब दो लाख रुपए नकदी होना भी बताया है। उन्होंने यह भी बताया वह अधबटाई में खेती कर जीवन यापन करते हैं।
विजयपुर उपचुनाव में वोटों का गणित
विजयपुर में कुल 2,54,714 मतदाता हैं। इनमें से 1,33,581 पुरुष और 1,21,131 महिलाएं हैं। भाजपा-कांग्रेस सहित यहां 11 प्रत्याशी मैदान में उतरे थे। इनमें से 9 उम्मीदवार जमानत नहीं बचा पाए। 8 प्रत्याशियों को नोटा से कम वोट मिले हैं। भाजपा और कांग्रेस ने 90 फीसदी से अधिक वोट झटक लिए। कांग्रेस के मुकेश मल्होत्रा ने 100469 और भाजपा के रामनिवास रावत को 93105 वोट मिले हैं।