राहुल गांधी की सदस्यता रद्द किए जाने के मामले में प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा ने कहा, ये कानूनी बात है और इसे कानूनी ढंग से डील किया जाएगा”
रायपुर| सूरत कोर्ट से मानहानी मामले में मिली सजा और लोकसभा से सदस्यता समाप्त किये जाने पर राहुल गांधी ने अब तक अपर कोर्ट में याचिका दायर नहीं की है। जिसे लेकर अब सियासी गलियारों में भी कई तरह की चर्चाएं चल रही हैं। ऐसे में इस मामले को लेकर छत्तीसगढ़ की प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा ने कहा कि ये कानूनी बात है और इसे कानूनी ढंग से डील किया जाएगा।
राहुल गांधी की सदस्यता रद्द किए जाने के मामले में कांग्रेस पूरे देश में प्रदर्शन कर रही है। केन्द्र सरकार की नीतियों को अलोकतांत्रिक बता रही कांग्रेस ‘जय भारत सत्याग्रह’ के तहत आज शाम रायपुर के गांधी मैदान से आजाद चौक तक शाम 7 बजे लोकतंत्र बचाओ मशाल रैली निकालोगी। इस मशाल रैली में एआईसीसी महासचिव और छत्तीसगढ़ प्रभारी कुमारी सैलजा, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम, प्रभारी सचिव चंदन यादव, सप्तगिरी शंकर उल्का, सह प्रभारी विजय जांगिड़ सहित वरिष्ठ कांग्रेस नेता शामिल होंगे।
मशाल यात्रा में शामिल होने कुमारी सैलजा आज दोपहर रायपुर पहुंच चुकी हैं। मशाल यात्रा को लेकर सैलजा ने कहा कि जो राहुल गांधी के साथ हुआ, जिस तरह से उनकी लोकसभा की सदस्यता को भंग किया गया उन्हें निष्कासित किया गया। देशभर में इस बात के खिलाफ एक आवाज गूंज रही है। खासतौर से जो हमारे युवा वर्ग बहुत ही उत्तेजित हैं। उन्होंने कहा कि आज हम रायपुर में मशाल जुलूस निकाल रहे हैं। कल ऐसा ही मशाल जुलूस बिलासपुर में निकाला जाएगा। पूरे प्रदेश में यह आयोजन हो रहा है। इसके अलावा भी और कई कार्यक्रम होंगे। कल प्रेस कॉन्फ्रेंस में हर ब्लॉक में हुई। आने वाले समय में जो संदेश है, वो जन-जन तक पहुंचेगा।
घायल कार्यकर्ताओं से मिलने डीकेएस अस्पताल पहुंची
जगदलपुर में कांग्रेस की मशाल रैली के दौरान घायल हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मिलने प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा DKS अस्पताल पहुंची। यहां पीसीसी अध्यक्ष मोहन मरकाम, प्रभारी सचिव चंदन यादव और मंत्री कवासी लखमा ने भी झुलसे कार्यकर्ताओं का हाल जाना।
दरअसल जगदलपुर में कांग्रेस की मशाल रैली निकाली गई थी और इस दौरान मशाल बुझने पर कुछ कार्यकर्ताओं ने इस पर पेट्रोल छिड़ककर दोबारा आग लगाने की कोशिश की। इसी दौरान आग भड़ग गई और कांग्रेस के आठ कार्यकर्ता झुलस गए। आग की चपेट में आने से कार्यकर्ताओं के चेहरे, हाथ पैर समेत शरीर के कई अंग जल गए हैं। हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए दो कार्यकर्ताओं को राजधानी के डीकेएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिन्हें देखने कुमारी सैलजा यहां पहुंची थी।