सागर। प्रेम के रिश्ते ने जब जिद और प्रताड़ना का रूप लिया, तो इसका अंजाम हत्या बन गया। महिला की शादी के बाद भी उसका पूर्व प्रेमी पीछा नहीं छोड़ रहा था। परेशान महिला ने अपने भाई और भतीजे के साथ मिलकर उसकी हत्या करा दी।
युवक का शव जैसीनगर के कंदेला के जंगल में मिली। पुलिस ने इस मामले का खुलासा करते हुए महिला सहित उसके भाई, भतीजे और भतीजे के एक दोस्त को गिरफ्तार कर लिया है।
जंगल में मिला युवक का शव
28 जून की रात जैसीनगर के कंदेला के जंगल में एक शव पड़ा मिला, जिससे दु्र्गंध आने लगी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पड़ताल शुरू की। शव का चेहरा और शरीर सड़ गया था, जिससे उस समय मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी। आसपास के अन्य थानों में मृतक की सूचना दी गई। शनिवार को बेगमगंज थाना क्षेत्र से कुछ लोग आए, जिन्होंने मृतक के कपड़े, चेन और अंगूठी के आधार पर मृतक की पहचान रायसेन के बेगमगंज के ग्राम भरेरू निवासी 25 वर्षीय हल्के उर्फ भारत पिता तारा सिंह कुशवाह के रूप में की।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुआ खुलासा
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बताया गया कि मृतक के सिर पर भारी वस्तु से वार किया गया और गला घोटने से उसकी मौत हुई। इसके बाद जैसीनगर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया और बारीकी से जांच की। जांच के बाद यह पूरा मामला अवैध संबंधों का सामने आया। इस मामले में पुलिस ने भुरेरी गांव की माया कुशवाहा, उसके भाई विष्णु पटेल, रोहित कुशवाहा, गजब सिंह ठाकुर को गिरफ्तार किया है।
भतीजे की गिरफ्तारी से खुला राज
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कंदेला गांव निवासी रोहित कुशवाहा को हिरासत में लिया, जिसने अपराध स्वीकार किया। उसने बताया कि उसकी मौसी माया कुशवाहा की शादी भुरेरी गांव में हुई है। भारत कुशवाहा शादी के बाद भी उसे प्रताड़ित करता था। उसके बाद उन्होंने उसकी हत्या की योजना बनाई। 23 जून को माया ने भारत को कंदेला बुलाया। वहां उन लोगों ने उसकी हत्या कर मोबाइल छिपा दिया और पर्स को सड़क पर फेंक दिया।