पुलिस अभिरक्षा से भागी मध्यप्रदेश की तस्कर महिला, मेडिकल कराने ले गए थे फिर अस्पताल से हुई फरार

Featured Latest छत्तीसगढ़ जुर्म

रायपुर| बिलासपुर में गांजा तस्करी करने वाली गिरफ्तार महिला अभिरक्षा से फरार हो गई। दरअसल, तीन पुलिस कर्मी उसे लेकर मेडिकल के लिए जिला अस्पताल ले गए थे। इस दौरान महिला आरक्षक से हाथ छुड़ाकर भाग निकली और पुलिसकर्मी देखते रह गए। दिन भर की तलाश के बाद महिला रेलवे स्टेशन के पास मिली, तब पुलिस ने राहत की सांस ली। महिला आरक्षक ने उसके अभिरक्षा से फरार होने का केस भी दर्ज कराया है।

गुरुवार को सिविल लाइन पुलिस ने मध्यप्रदेश के उमरिया जिले चंदिया थाना क्षेत्र के ग्राम सेमरिया निवासी रिंकी कुशवाहा व उसके साथियों को 16 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार किया था। शुक्रवार की सुबह सिविल लाइन थाने में पदस्थ महिला आरक्षक आशा नेताम, अतुल सिंह व फूलसाय नायक आरोपी महिला का मेडिकल जांच के लिए जिला अस्पताल लेकर गए थे। महिला आरक्षक जांच के बाद फार्म में डॉक्टर का सील लगवाने के लिए जा रही थी। तभी आरोपी महिला ने महिला आरक्षक का हाथ झटककर भाग गई। उसे भागते देखकर महिला आरक्षक चिल्लाती रही और उसके साथ गए दो पुलिस कर्मी अतुल और फूलसाय देखते रह गए।
पुलिस अभिरक्षा से महिला आरोपी के फरार होने के बाद घबराए पुलिस कर्मी इधर-उधर उसकी तलाश करते रहे, लेकिन महिला नहीं मिली। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने टीआई परिवेश तिवारी और पुलिस कंट्रोल रूम को महिला के भागने की जानकारी दी गई और सभी जगह उसकी तलाश की गई। आखिरकार दोपहर बाद महिला रेलवे स्टेशन के पास मिल गई। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया। दोपहर तक जब गांजा तस्करी करने वाली महिला नहीं मिली, तब महिला आरक्षक आशा नेताम इस घटना का केस दर्ज कराने तारबाहर थाने पहुंची। उसकी शिकायत पर पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ धारा 224 के तहत केस दर्ज कर लिया है।

लोगों को शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *