एमसीबी : जिले के केल्हारी क्षेत्र में एमपी–सीजी सीमा पर बहने वाली बरने नदी अब सिर्फ रेत के लिए नहीं, बल्कि एक युवक की मौत के कारण चर्चा में है। अवैध उत्खनन की आशंका, पुलिस पर गंभीर आरोप और ग्रामीणों का विरोध पूरे घटनाक्रम ने प्रशासन को कटघरे में खड़ा कर दिया है।
ग्रामीण सोनू चक्रधारी सुबह ट्रैक्टर लेकर बरने नदी गया था। परिजनों का कहना है कि वह प्रधानमंत्री आवास (PM आवास) निर्माण के लिए रेत लेने गया था। सीमा क्षेत्र में रेत निकालना पहले से विवादों में रहा है,कुछ ही देर बाद खबर फैली कि सोनू की मौत हो गई है। ग्रामीणों के बीच यह चर्चा तेज है कि युवक की मौत कथित रूप से एमपी पुलिस की पिटाई से हुई। हालांकि, प्रशासन की ओर से अब तक इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।मध्यप्रदेश के जैतपुर थाना की पुलिस की गाड़ी नदी किनारे फंसी मिली जिसे छत्तीसगढ़ की केल्हारी पुलिस ने थाना लाया ।
घटना के बाद सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि जैतपुर थाना क्षेत्र की दरशीला पुलिस चौकी की एक गाड़ी बरने नदी के पास फंसी हुई मिली। वही ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस टीम वाहन छोड़कर वापस लौट गई। यह सवाल खड़ा हो रहा है कि यदि कार्रवाई हो रही थी तो पुलिस वाहन मौके पर क्यों छूटा क्या वहां किसी प्रकार की झड़प हुई? जैसे ही मौत की खबर गांव पहुंची, बड़ी संख्या में ग्रामीण बरने नदी और आसपास के क्षेत्र में जमा हो गए। नारेबाजी और विरोध शुरू हो गया।
