मकान में चोरी करने घुसे चोर ने पकडे जाने के डर से गले में चला दिया चाकू

Featured Latest छत्तीसगढ़ जुर्म

रायपुर| कोरबा जिले के नेहरू नगर में बन रहे मकान में बुधवार देर रात चोरी करने के लिए 3 लोग घुसे, लेकिन अचानक मकान मालिक और आसपास के लोगों के आ जाने से आरोपी भागने लगे। इनमें से 2 आरोपी तो भागने में कामयाब रहे, लेकिन तीसरे आरोपी को लोगों ने पकड़ लिया। इस पर तीसरे आरोपी ने खुद को ब्लेड मारकर अपनी जान लेने की कोशिश की। हालांकि बाद में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के मुताबिक, नेहरू नगर में फरियाद अली नाम के शख्स का मकान बन रहा है। वो वर्तमान में आनंद विहार में रहता है। उसके निर्माणाधीन मकान में रात 12 बजे 3 चोर घुस गए। आसपास के लोगों ने खटपट की आवाज सुनी, तो उन्हें चोरों के घुस जाने का शक हुआ। लोगों ने तुरंत मामले की सूचना मकान मालिक फरियाद अली को दी। जिसके बाद वे तुरंत मौके पर पहुंच गए। उन्होंने पड़ोसी के साथ मिलकर आरोपियों को पकड़ना चाहा, तो युवक दीवार फांदकर फरार होने लगे। 2 आरोपी तो दीवार फांदकर फरार होने में कामयाब हो गए, लेकिन तीसरे आरोपी को जब लगा कि वो भाग नहीं सकेगा और पकड़ा जाएगा, तो उसने अपने गले पर ब्लेड चला दिया। आरोपी का नाम रोहित राजपूत है, जो संजय नगर सुनालिया पुल के पास का निवासी है। उसकी गंभीर हालत को देख मकान मालिक ने तुरंत मानिकपुर चौकी पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया है।

पुलिस ने पकड़े गए आरोपी से पूछताछ की, तो उसने अपने दोनों साथियों का नाम बताया है। फरार दो आरोपियों में से शैलेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने कहा कि जल्द ही तीसरा आरोपी भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मानिकपुर चौकी प्रभारी प्रहलाद राठौर ने बताया कि मकान मालिक की शिकायत पर आरोपी रोहित कुमार को और उसके साथी शैलेश को गिरफ्तार कर कार्रवाई की जा रही है। वहीं आरोपी रोहित की हालत अब खतरे से बाहर है और उसका इलाज चल रहा है।

लोगों को शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *