लव मैरिज के बाद से करता था मारपीट,बीवी ने पुलिस से शिकायत की तो कर दिया जानलेवा हमला
रायपुर| बिलासपुर में एक युवक ने सरेराह अपनी पत्नी और सास पर रॉड से हमला कर दिया, जिससे मां-बेटी गंभीर रूप घायल होकर बदहवास सड़क पर पड़ी रहीं। उन्हें इलाज के लिए सिम्स में भर्ती कराया गया है। युवक ने तीन साल पहले लव मैरिज किया था, जिसके बाद आए दिन अपनी पत्नी से मारपीट करता था। परेशान होकर उसने पुलिस से शिकायत कर दी, तब नाराज पति ने जानलेवा हमला कर दिया। वारदात के बाद से आरोपी फरार है।
सरकंडा थाना क्षेत्र के अशोक नगर मुरूम खदान स्थित अटल आवास में रहने वाली पूजा साहू (20) ने तीन साल पहले अशोक नगर के ही जितेंद्र साहू के साथ प्रेम विवाह किया। पूजा की एक साल की बेटी भी है। इसके बाद जितेंद्र अपनी पत्नी पूजा के साथ छोटी-छोटी बातों को लेकर विवाद करने लगा विरोध करने पर मारपीट करता था। जितेंद्र की आए दिन प्रताड़ना से प्ररेशान होकर पूजा अपने मायके आ गई। वह तीन माह से अपनी मां संतोषी गुप्ता के साथ रह रही है। उसने अपने पति के खिलाफ महिला थाने में शिकायत भी की है।
गुस्र्वार की सुबह पूजा अपनी मां संतोषी गुप्ता के साथ मजदूरी करने पैदल जा रही थी। अभी दोनों अशोक नगर के काली मंदिर के पास पहुंची थीं। तभी जितेंद्र साहू पीछे से आया और राड से सास संतोषी गुप्ता के सिर पर जानलेवा हमला कर दिया। इसके बाद पूजा पर भी वार किया। इस हमले में उसकी सास संतोषी और पूजा बेहोश होकर जमीन पर गिर गई। दोनों को मरा हुआ समझकर जितेंद्र साहू फरार हो गया। वहां से गुजरने वाले लोगों ने खून से लथपथ मां-बेटी को देखकर डायल 112 को सूचना दी। पुलिस की टीम आरक्षक राजेश और चालक संदीप गोस्वामी घटना स्थल पहुंचे और घायल मां-बेटी को सिम्स में भर्ती कराया।