गौरेला-पेंड्रा-मरवारी : जिले से दिल दहला देने वाली खबर सामने आ रही है, यहां शादी में देरी होने की वजह से प्रेमी जोड़े ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वैलेंटाइन वीक पर गर्लफ्रेंड ने घर में फांसी लगाई, तो उसे फंदे से नीचे उतारा, फिर खुद बॉयफ्रेंड फांसी पर झूल गया। दोनों लिन-इन-रिलेशनशिप में रह रहे थे। घटना पेंड्रा थाना क्षेत्र के पनकोटा गांव की है।
बताया जा रहा है कि, करीब डेढ़ दो साल पहले किसी शादी में अनीता सिंह (20) निवासी हमाली गांव और कृष्णा सिंह (18) साल निवासी अमलिहा गांव की मुलाकात हुई थी। तब नंबर एक्सचेंज हुआ। जिसके बाद दोनों के बीच बातचीत होने लगी। लड़के की उम्र कम थी। इस कारण परिजन शादी के लिए कुछ समय रुकने की बात कह रहे थे।
प्रेमिका को फंदे से उतारा, फिर खुद फांसी पर झूल गया
जानकारी के मुताबिक, शादी नहीं होने से नाराज होकर बुधवार-गुरुवार की देर रात पहले युवती ने अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। युवती के फांसी लगाने की जानकारी मिलते ही युवक ने उसे फंदे से नीचे उतारा। इसके बाद उसने भी घर के पास नीलगिरी के एक प्लॉट में करीब 15 फीट ऊंचे पेड़ पर चढ़कर फांसी लगा ली। इस तरह दोनों के प्रेम का अंत हो गया।
परिजनों की सहमति से लिन-इन में रहते थे
बताया जा रहा है कि, परिजनों की सहमति से लड़का और लड़की गांव में एक ही घर में लिन-इन-रिलेशनशिप में रहते थे। इसके बावजूद दोनों ने यह आत्मघाती कदम उठा लिया। घटना की सूचना मिलते ही पेंड्रा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल, मामले की जांच जारी है।
