विजयपुर उपचुनाव: वोटिंग से पहले आदिवासी बस्ती में ताबड़तोड़ फायरिंग, 2 घायल, कांग्रेस ने भाजपा पर लगाए आरोप 

Featured Latest मध्यप्रदेश

मध्य प्रदेश के विजयपुर विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव से एक दिन पहले फायरिंग हो गई। बाइक से आए 9 बदमाशों ने आदिवासियों को धमकाते हुए फायरिंग कर दी। गोलीबारी में कई लोग घायल हो गए हैं। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

गाली-गलौज से रोकने पर ताबड़तोड़ फायरिंग 
वारदात में प्रकाश और हरविलास नाम के दो आदिवासी युवक घायल हो गए हैं। पुलिस को उन्होंने बताया कि रात में कुछ लोग बंदूकें लेकर बाइक से आए थे। बस्ती में पहुंचते ही गाली–गलौज करने लगे। मना करने पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस को सूचना दी तो एसडीओपी राजीव गुप्ता जवानों के साथ गांव पहुंचे।

आचार संहिता के बीच फायरिंग, पुलिस पर सवाल 
विजयपुर में 13 नवंबर को वोटिंग है। इस समय चुनावी आचार संहिता लागू है। लिहाजा, निर्वाचन क्षेत्र में सभी लाइसेंसी बंदूकें पुलिस ने जब्त करा ली है। आसपास की सीमाएं भी सील कर दी गई हैं। इन सबके बावजूद सरेआम गोलीबारी होना पुलिस की निगरानी पर सवाल उठाता है।

पटवारी बोले कलेक्टर-एसपी को हटाए आयोग

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने घटना से जुड़ा एक वीडियो शेयर कर कलेक्टर-एसपी को हटाए जाने की मांग की है। कहा, विजयपुर में आज प्रचार समाप्त हुआ और मतदाताओं पर अत्याचार शुरू हो गया। भाजपा उपचुनाव को भी लाल स्याही से रंग रही है।

जीतू पटवारी ने कहा, एक ओर आचार संहिता लागू है, और दूसरी और भाजपा प्रत्याशी के हथियारबंद गुंडे आदिवासी भाइयों पर गोली चला रहे हैं। विजयपुर कलेक्टर और भाजपा में सांठ-गांठ की बात मैं लगातार कह रहा हूं, लेकिन गंभीरता से नहीं लिया गया। अब इसके परिणाम सामने दिख रहे हैं।

आरोपियों की हो तत्काल गिरफ्तारी 
श्योपुर के कांग्रेस जिलाध्यक्ष अतुल सिंह चौहान ने कहा, भाजपा नेता अराजकता फैलाकर गुंडागर्दी की राजनीति करते हैं। गरीब आदिवासियों पर फायरिंग उनकी ओछी मानसिकता को दर्शाती है। पुलिस-प्रशासन आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार करें, नहीं तो कांग्रेस उग्र आंदोलन करेगी।

लोगों को शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *