तंत्र-मंत्र और सरकारी नौकरी का झांसा देकर महिला से 85 लाख की ठगी, आरोपी पर केस दर्ज

Featured Latest छत्तीसगढ़ जुर्म

दुर्ग : जिले में एक चौंकाने वाला ठगी का मामला सामने आया है, जहां घरेलू परेशानियां दूर करने, तंत्र-मंत्र, पूजा-पाठ, निवेश और सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक महिला से करीब 85 लाख रुपए ठग लिए गए. मामले में भिलाई नगर कोतवाली पुलिस ने जबलपुर निवासी पवन बधौलिया के खिलाफ धोखाधड़ी और धमकी समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

महिला और आरोपी की मुलाकात कब हुई?

एएसपी मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि भिलाई निवासी संगीता कश्यप की शिकायत पर कार्रवाई की गई है. महिला की मुलाकात नवंबर 2023 में रायपुर में एक पारिवारिक कार्यक्रम के दौरान आरोपी से हुई थी. बातचीत में महिला ने अपनी पारिवारिक समस्याओं का जिक्र किया, जिसका फायदा उठाकर आरोपी ने तंत्र-मंत्र और विशेष पूजा से समस्याएं दूर करने का दावा किया.

प्रेत बाधा का डर दिखाकर आरोपी ने लाखों रुपए ठगे

आरोपी ने महिला को ग्रह दोष, जिन्न और प्रेत बाधा का डर दिखाकर जबलपुर में गुप्त पूजा कराने के नाम पर लगातार पैसे ऐंठे. उसने यह तक कहा कि पूजा नहीं कराने पर उसके पति के साथ दुर्घटना हो सकती है. बाद में महिला के पति की सड़क हादसे में मौत होने के बाद आरोपी ने महिला के डर और दुख का फायदा उठाकर पैसों की मांग जारी रखी. इसके बाद आरोपी ने महिला के बेटे को शेयर बाजार और ऑनलाइन ट्रेडिंग में अधिक मुनाफे का लालच दिया. साथ ही कभी जेल में बंद होने, मां की बीमारी और पिता की मौत का बहाना बनाकर भी पैसे लिए.

फर्जी नियुक्ति पत्र दिखाकर भी वसूले लाखों रुपए

उसने खुद को पुलिस गिरफ्त में बताकर छुड़ाने के नाम पर भी लाखों रुपए मंगवाए. जब महिला ने पैसे वापस मांगे तो आरोपी ने अपने हाथ की नस काटने की तस्वीर व्हाट्सएप पर भेजकर मानसिक दबाव बनाया. बाद में सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर फर्जी नियुक्ति पत्र और जॉइनिंग लेटर का झांसा देकर और रकम वसूली. पुलिस बैंक ट्रांजेक्शन, मोबाइल चैट और दस्तावेजों के आधार पर जांच कर आरोपी की तलाश कर रही है.

लोगों को शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *