रायपुर| राजनांदगांव शहर के लखोली में गुरुवार को एक महिला ने खुद के ऊपर पेट्रोल डालकर आत्मदाह की कोशिश की। आसपास के लोग जब तक कुछ समझ पाते, तब तक महिला गंभीर रूप से जल गई। उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। अटल आवास में बने मकान से हटाए जाने के दौरान महिला ने खुद को आग के हवाले कर लिया। घटना की सूचना लोगों ने पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। महिला का बयान लेने की कोशिश की जा रही है, लेकिन फिलहाल उसकी हालत ऐसी नहीं है कि उससे कुछ भी बात की जा सके।
राजनांदगांव एसपी प्रफुल्ल ठाकुर ने बताया कि लखोली में नगर निगम द्वारा अटल आवास का निर्माण किया गया है, लेकिन यहां कुछ लोगों ने अवैध कब्जा कर लिया है और बिना आवंटन हुए ही रहने लगे हैं। इसी के तहत नगर निगम की टीम गुरुवार को कब्जा हटाने लखोली पहुंची हुई थी। यहां महिला यास्मीन बेगम (49) भी अपने 22 साल के बेटे के साथ रहती है। उस पर भी बिना आवास के आवंटन के ही वहां बने अटल आवास में रहने का आरोप है। नगर निगम की टीम ने उसका मकान सील कर दिया। ये देखकर महिला ने घर के बाहर खुद के ऊपर पेट्रोल डालकर आत्मदाह करने की कोशिश की।
महिला के आत्मदाह करने की कोशिश के बाद निगम की टीम मौके से भाग निकली। एक दिन पहले ही महिला ने निगम के अधिकारियों को मौखिक रूप से बताया था कि निगम के कर्मचारी ने ही पीएम आवास में रहने के लिए 30 हजार रुपए लिए हैं। जिसे अधिकारियों ने अनसुना कर दिया था। महिला की आत्मदाह करने की कोशिश के बाद पीएम आवास लखोली में माहौल गरमाया हुआ है।
एसपी प्रफुल्ल ठाकुर ने बताया कि इससे पहले भी अटल आवास में कब्जा करते रह रहे लोगों को नगर निगम द्वारा नोटिस दिया जा चुका है। नगर निगम ने उन्हें खुद ही घर खाली कर देने को कहा था, इसके बावजूद अवैध कब्जाधारकों ने मकान खाली नहीं किया। जिसके बाद नगर निगम यहां कब्जा हटाने पहुंची थी। उन्होंने कहा कि जिस महिला ने आत्मदाह की कोशिश की है, उसकी हालत गंभीर है। उसका इलाज मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है। बताया जा रहा है कि महिला तलाकशुदा थी और अपने बेटे के साथ यहां रहती थी। वो कपड़ा बेचने का काम करती थी।