जांजगीर-चांपा : जांजगीर-चांपा जिले के मुलमुला थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बनाहिल में स्थित वेदान्त सर्विस सीएससी सेंटर में डेटोनेटर ब्लास्ट मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। दरअसल, घटना उस वक्त की है जब सीएससी सेंटर संचालक भूपेन्द्र कुमार साहू रात करीब 11:45 बजे अपने कमरे में थे।
इसी दौरान उन्हें दुकान का शटर खुलने और बंद होने की आवाज सुनाई दी। जब वे बाहर आए तो दुकान के अंदर धुआं भरा हुआ था और कुछ जलती हुई रस्सी जैसी चीज दिखाई दी। पास जाकर देखने पर वह डेटोनेटर निकला, जिसमें चार डेटोनेटर जुड़े हुए थे। जैसे ही उन्होंने उसे उठाकर दुकान के बाहर फेंका, जोरदार विस्फोट हो गया। इस ब्लास्ट में दुकान में रखे कंप्यूटर, सीपीयू, प्रिंटर, कुर्सी और अन्य सामग्री पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, वहीं इस घटना में भूपेन्द्र साहू के पैर में भी चोट आई है।
घटना की सूचना मिलते ही मुलमुला पुलिस और साइबर टीम मौके पर पहुंची और फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रूपेश कुमार वर्मा, रमन कुमार कैवर्त्य और अनुज केंवट को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। फिलहाल, पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है और मामले में आगे की जांच जारी है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर लोगों में भरोसा बढ़ा है।
