शहर में जारी प्रशासनिक भ्रष्टाचार के खिलाफ भाजपा करती रहेगी विरोध : डॉ रमन सिंह

Featured Latest खरा-खोटी छत्तीसगढ़

साइंस कॉलेज के पास बन रहे यूथ हब के विरोध में था धरना, भाजपा ने किया धरना खत्म

शहरी विकास मंत्रालय के मंत्री हरदीप पुरी के आशवासन के बाद धरना ख़त्म करने का निर्णय

रायपुर| राजधानी में जारी भारतीय जनता पार्टी का धरना अब खत्म कर दिया गया है। ये धरना साइंस कॉलेज के पास बन रहे यूथ हब के विरोध में था, पूर्व मंत्री राजेश मूणत ने दावा किया था कि यूथ हब के नाम पर यहां नगर निगम चौपाटी बनाकर माहौल बिगाड़ने का प्रयास कर रहा है। इसी के विरोध में यहां धरना प्रदर्शन किया जा रहा था। पूर्व मंत्री मूणत धरना स्थल पर ही रात बिता रहे थे।

शनिवार को साइंस कॉलेज ग्राउंड के पास जारी इस धरने में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ रमन सिंह पहुंचे। उन्होंने कहा कि स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट में केंद्रीय मंत्री की ओर से जांच का भरोसा मिला है, इसलिए ये धरना स्थगित किया जा रहा है। शहरी विकास मंत्रालय के मंत्री हरदीप पुरी ने जांच की बात कही है, दोषियों को सजा दी जाएगी। डॉ रमन सिंह ने कहा हालांकि शहर में जारी प्रशासनिक भ्रष्टाचार के खिलाफ भाजपा विरोध करती रहेगी।
हाल ही में भाजपा के नेता पूर्व मंत्री राजेश मूणत और पार्षदों का प्रतिनिधी मंडल दिल्ली गया था। वहां केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी से शिकायत की गई है। भाजपा प्रतिनिधि मंडल ने कहा कि पूर्व में यह कहा गया था कि स्मार्ट सिटी के अन्तर्गत ए.बी.डी. एरिया में कार्य किया जायेगा। कुछ समय पश्चात ए.बी.डी. एरिया के बाहर छोटे- छोटे कार्यों को, जो कि नगर निगम के स्तर का था, महापौर के दबाव में स्मार्ट सिटी के अधिकारी करने लग गये। जिसकी जानकारी जनप्रतिनिधियों को नहीं दी गई। बहुत ही छोटे – छोटे चौक चौराहों के सौन्दर्यीकरण पर करोड़ों का खर्चा दर्शाया जा रहा है, जो कि नामुमकिन है। बार बार शिकायत करने के बावजूद भी कार्यों में गंभीरता नहीं दिखाई गई। पूर्व मंत्री राजेश मूणत का दावा है कि साइंस कॉलेज ग्राउंड पर सड़क किनारे चौपाटी बनाना अवैध है। छोटे ,गरीब ठेले, खोमचे वालों की रोजी रोटी छीनने की साजिश है। कांग्रेस ने तेलीबांधा तालाब में चौपाटी खोलकर उस स्थान का व्यवसायीकरण कर दिया, वही खेल रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय समेत सम्पूर्ण एजुकेशन हब में करने जा रही है।

लोगों को शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *