बेटे की हुई मौत, पिता को था जादू-टोने का शक, तो पड़ोसी महिला को पत्थर से कुचलकर मार डाला

Featured Latest छत्तीसगढ़ जुर्म

जीपीएम : छत्तीसगढ़ के गौरेला–पेंड्रा–मरवाही जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. पेंड्रा थाना क्षेत्र के कोटगार चौकी इलाके में जादू-टोना करने के शक में एक महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई. आरोप है कि पड़ोसी ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर महिला के सिर पर पत्थर से हमला किया और बाद में शव को कुएं में फेंक दिया. पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.

जादू-टोने के शक से उपजी रंजिश

पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी धीरपाल (50) के बेटे की करीब पांच महीने पहले इलाज के दौरान मौत हो गई थी. बेटे की मौत के बाद से धीरपाल मानसिक तनाव में चल रहा था. उसे यह वहम हो गया था कि उसके बेटे पर किसी ने जादू-टोना कर दिया है. इसी शक के चलते उसने पड़ोस में रहने वाली महिला को दोषी मान लिया और उससे मन में रंजिश पाल ली.

अकेला पाकर किया जानलेवा हमला

रंजिश धीरे-धीरे नफरत में बदल गई और आरोपी ने महिला को मारने की साजिश रच डाली. घटना वाले दिन जब महिला घर में अकेली थी, तब धीरपाल अपने दो साथियों के साथ वहां पहुंचा. तीनों ने मिलकर महिला पर पत्थर से सिर पर हमला किया. गंभीर चोट लगने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई.

सबूत छुपाने के लिए शव कुएं में फेंका

हत्या करने के बाद आरोपियों ने सबूत मिटाने की कोशिश की. महिला का शव घर के पास स्थित कुएं में फेंक दिया गया और तीनों वहां से फरार हो गए. उन्हें लगा कि इस तरह मामला दब जाएगा. कुछ समय बाद जब महिला के परिजन घर पहुंचे, तो बाहर खून के निशान देखकर उन्हें शक हुआ. आसपास तलाश करने पर कुएं में महिला का शव नजर आया. इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई.

पुलिस की त्वरित कार्रवाई

सूचना मिलते ही पेंड्रा पुलिस मौके पर पहुंची. शव को कुएं से बाहर निकालकर पंचनामा किया गया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की और संदेह के आधार पर मुख्य आरोपी धीरपाल को हिरासत में लिया. पुलिस पूछताछ के दौरान धीरपाल टूट गया और उसने अपने दो साथियों के साथ मिलकर हत्या करने की बात कबूल कर ली. इसके बाद पुलिस ने बाकी दोनों आरोपियों को भी पकड़ लिया. पूछताछ में उन्होंने भी अपना जुर्म स्वीकार कर लिया.

लोगों को शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *