दुर्ग /भिलाई : छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में घर में घुसकर बदमाश ने बुजुर्ग दंपती को धारदार हथियार दिखाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया। आरोपी ने मुंह पर कपड़ा बांधकर घर में घुसा और चाकू की नोक पर बुजुर्ग दंपती को धमकाया। इसके बाद वह महिला के गले से सोने का नेकलेस लूटकर मौके से फरार हो गया।
वारदात का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें नकाबपोश आरोपी साफ तौर पर नजर आ रहा है। शिकायत के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर 24 घंटे के भीतर आरोपी विभान्शु महोबिया (21) को गिरफ्तार कर लिया, जो कि मध्य प्रदेश के मंडला जिले के रहना वाला है।
जांच में सामने आया कि आरोपी वर्तमान में भिलाई नगर थाना क्षेत्र के हॉस्पिटल सेक्टर स्थित किराए के मकान में रह रहा था। पुलिस ने उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक, धारदार हथियार और घटना के समय पहने गए कपड़े भी बरामद कर लिए हैं। मामला नेवई थाना क्षेत्र का है।
पुलिस के मुताबिक, प्रगति नगर स्थित शुभकामना हाइट्स के फ्लैट नंबर-109 में रहने वाले वी. कुमार (59) ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 4 जुलाई को वे ड्यूटी पर गए हुए थे। इसी दौरान उनके घर में काम करने वाली गिरजा यादव ने फोन कर सूचना दी कि उनके सास-ससुर के घर में अज्ञात युवक घुस आया है।
शिकायत के अनुसार, आरोपी ने अपने चेहरे को कपड़े से ढक रखा था। घर में घुसने के बाद उसने बुजुर्ग दंपती को धारदार हथियार दिखाकर धमकाया और सोने-चांदी के जेवर, नकदी की मांग की। इस दौरान वह सोने का एक नेकलेस लेकर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने के बाद नेवई थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पीड़ित परिवार, गवाहों से पूछताछ की और तकनीकी सबूतों के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
