जेल में दोस्ती फिर लूट की प्लानिंग, महिला के भेष में आए तीन लुटेरों में दो दबोचे, राज ज्वैलर्स लूटकांड का हुआ खुलासा

Featured Latest आसपास छत्तीसगढ़ जुर्म

कोरबा : जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र के चर्चित राज ज्वेलर्स छुरी लूट कांड का पुलिस ने खुलासा किया है. पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में त्वरित कार्रवाई की गई. थाना कटघोरा और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा है.

महिला के भेष में आए तीन लुटेरे, राज ज्वेलर्स में की लूट

प्रार्थी राजकुमार अग्रवाल ने बीती एक जुलाई को रिपोर्ट दर्ज कराई थी. दोपहर करीब एक बजे वह अपनी राज ज्वेलर्स दुकान में अकेले थे. इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल से तीन लोग ग्राहक बनकर पहुंचे. तीनों ने गमछे से चेहरा ढंक रखा था, जिसमें एक महिला के भेष में था.

आरोपियों ने चांदी की अंगूठी दिखाने के बहाने दुकानदार को काउंटर तक बुलाया. एक आरोपी ने दरवाजा बंद कर दिया और दूसरे ने देसी कट्टा छाती पर अड़ा दिया. तीसरे ने आंखों में मिर्च पाउडर डालने का प्रयास किया और बैग में आभूषण भरने लगी. बाहर भीड़ जमा होने से घबराकर तीनों देसी कट्टा और चोरी की मोटरसाइकिल छोड़कर भाग निकले.

दो आरोपी गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गोपाल सिंह गोंड (38 वर्ष, निवासी घुचापुर) और परदेशी राठिया (40 वर्ष, निवासी जिलगा बरपाली) के रूप में हुई है. फरार आरोपी विष्णु प्रसाद राठिया (निवासी कोलगा) है. पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने चोरी की मोटरसाइकिल और देशी कट्टे का इस्तेमाल कर वारदात को अंजाम दिया था. जांच के दौरान 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज, साइबर तकनीक और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की पहचान की है.

पूछताछ में खुलासा हुआ कि, तीनों आरोपी पहले हत्या, दुष्कर्म और अन्य गंभीर मामलों में जेल जा चुके थे और वहीं से उनकी आपस में दोस्ती हुई थी. जेल से छूटने के बाद उन्होंने लूट की योजना बनाई. पुलिस ने दोनों गिरफ्तार आरोपियों को जेल भेज दिया है, जबकि फरार आरोपी की तलाश के लिए लगातार पतासाजी की जा रही है.

लोगों को शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *