बिलासपुर : जिले के तखतपुर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। प्रेमिका के शादी से इनकार करना एक प्रेमी को इतना नागवार गुजरा कि उसने वीडियो कॉल के दौरान बनाए गए युवती के आपत्तिजनक फोटो और वीडियो को इंस्टाग्राम पर वायरल कर दिया। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था। मामले में पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को कर्नाटक के बेंगलुरु से गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला तखतपुर थाना क्षेत्र का है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी युवक सुनील चतुर्वेदी का युवती से प्रेम संबंध था। युवती द्वारा शादी से इनकार किए जाने के बाद आरोपी ने कथित तौर पर वीडियो कॉल के दौरान बनाए गए आपत्तिजनक फोटो और वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर वायरल कर दिया। फोटो और वीडियो वायरल होने के बाद आरोपी फरार हो गया। युवती ने मामले की शिकायत तखतपुर थाने में दर्ज कराई। मामले में आरोपी युवक के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया, जिसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की।
तखतपुर थाना प्रभारी अवनीश पासवान के नेतृत्व में पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तीन सदस्यीय टीम गठित की। पुलिस टीम ने आरोपी की लोकेशन का पता लगाते हुए कर्नाटक के बेंगलुरु में दबिश दी और आरोपी सुनील चतुर्वेदी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी को तखतपुर लेकर पहुंची और न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
फिलहाल पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है। सोशल मीडिया पर किसी व्यक्ति की निजी तस्वीर या वीडियो उसकी अनुमति के बिना वायरल करना गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है।
