दुर्घटना नहीं हत्या : दोस्त की पीट-पीटकर हत्या कर शव को कार के नीचे डाल रचा हादसे का ड्रामा

Featured Latest छत्तीसगढ़ जुर्म

जांजगीर-चांपा : जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र में सड़क हादसे के रूप में सामने आई संदिग्ध मौत के मामले का पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। पुलिस की बारीकी से जांच और पूछताछ में सामने आया कि यह हादसा नहीं, बल्कि हत्या थी। ट्रक के लेन-देन को लेकर पुराने विवाद में दोस्त की पीट-पीटकर हत्या की गई और वारदात को सड़क हादसे का रूप देने की कोशिश की गई।

दरअसल, 24 जून 2026 को सोनादुला-सांकर भारतमाला रोड पर वाहन क्रमांक CG 10 BP 9060 की घटना में सकरी, बिलासपुर निवासी 26 वर्षीय अरविंद सिंह लोधी की मौत हुई थी। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने इसे सड़क दुर्घटना मानते हुए वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया था।

लेकिन मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के मार्गदर्शन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. युलैण्डन यार्क के निर्देशन में पुलिस ने हर पहलू की बारीकी से जांच शुरू की।

SDOP अकलतरा डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में थाना प्रभारी जय कुमार साहू और चौकी प्रभारी कोटमीसोनार विनोद जाटवर ने आरोपी हेमंत सिंह ठाकुर से कड़ाई से पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने हत्या का राज खोल दिया।

पुलिस के मुताबिक, ट्रक के लेन-देन को लेकर मृतक और आरोपी के बीच पुराना विवाद था। घटना के दिन शराब पार्टी के दौरान विवाद बढ़ा और हेमंत ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर अरविंद की लात-घूंसों से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद हत्या को छिपाने के लिए शव को कार के नीचे डालकर एक्सीडेंट का रूप देने का प्रयास किया गया।

जांच में हत्या के तथ्य सामने आने के बाद पुलिस ने प्रकरण में हत्या और अन्य धाराएं जोड़ी हैं। घटना में इस्तेमाल कार को भी जब्त कर लिया गया है। आरोपी हेमंत सिंह ठाकुर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि फरार एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।

लोगों को शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *