जांजगीर चांपा : छत्तीसगढ़ के जांजगीर चांपा जिले के नवागढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत पीपरा गांव के खेत में मिली 21 वर्षीय युवती की अर्धनग्न लाश के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। इस हत्याकांड में युवती के प्रेमी प्रवीण चंद्रा उर्फ विक्की को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसके भाई लव चंद्रा को सह-आरोपी बनाया गया है।
मंगलवार को खेत में युवती की लाश मिलने के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई थी। मामला गंभीर होने के चलते पुलिस ने विशेष टीम बनाकर जांच शुरू की और महज कुछ ही घंटों में हत्या की गुत्थी सुलझा ली। पुलिस पूछताछ में आरोपी प्रवीण ने चौंकाने वाला कबूलनामा किया है। उसने बताया कि देर रात वह और युवती मिलने के लिए खेत पहुंचे थे। इसी दौरान किसी और लड़कों से बातचीत को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया।
जानिए हत्या की वजह?
आरोपी के मुताबिक, बहस के दौरान वह आपा खो बैठा और उसने युवती का सिर खेत की जमीन में जबरन दबा दिया, जिससे दम घुटने से उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। हत्या के बाद आरोपी को मौके से भागने में उसके बड़े भाई लव चंद्रा ने मदद की, जिसके चलते पुलिस ने उसे भी सह-आरोपी बनाया है।
आरोपी कोरिया से गिरफ्तार
मुख्य आरोपी प्रवीण चंद्रा को पुलिस ने कोरिया जिले के पटना थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया। फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह मामला आपसी संबंध, विवाद और गुस्से में की गई हत्या का है और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
