विश्व पर्यावरण दिवस पर ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत केशकाल में अनूठी पहल

Featured Latest खरा-खोटी

69 ग्राम पंचायतों के 345 प्रधानमंत्री आवास परिसरों में हुआ सघन वृक्षारोपण

रायपुर : विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर कोंडागांव जिले के जनपद पंचायत केशकाल द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं हरित विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। 5 जून को आयोजित इस विशेष अभियान के अंतर्गत जनपद पंचायत क्षेत्र की सभी 69 ग्राम पंचायतों में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के 345 हितग्राहियों के आवास परिसरों में पौधारोपण किया गया।

यह अभियान प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने तथा प्रत्येक घर को हरियाली से आच्छादित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, ग्राम पंचायतों के सरपंचों, पंचों, सचिवों, रोजगार सहायकों, स्व-सहायता समूहों की महिलाओं एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।

अभियान की सफलता में वन विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका रही। विभाग द्वारा पौधारोपण के लिए उच्च गुणवत्ता वाले फलदार, छायादार एवं औषधीय पौधे उपलब्ध कराए गए। स्थानीय जलवायु एवं ग्रामीण आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए आम, अमरूद, जामुन, कटहल, शहतूत और इमली जैसे फलदार पौधों के साथ-साथ बोहार एवं अर्जुन (कहवा) जैसे छायादार एवं औषधीय पौधों का रोपण किया गया।

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीणों को वृक्षों के पर्यावरणीय, सामाजिक एवं आर्थिक महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वृक्षारोपण केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं है, बल्कि यह आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ वायु, जल संरक्षण, जैव विविधता संवर्धन तथा बेहतर जीवन गुणवत्ता सुनिश्चित करने का भी प्रभावी उपाय है। फलदार पौधों से भविष्य में ग्रामीण परिवारों को पोषण एवं अतिरिक्त आय का लाभ भी प्राप्त होगा।

‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के संदेश को जन-जन तक पहुंचाते हुए सभी हितग्राहियों को अपनी माताओं के सम्मान में लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल, संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प दिलाया गया। ग्रामीणों ने भी पौधों को वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखने और अपने आसपास अधिक से अधिक पौधे लगाने का संकल्प व्यक्त किया।

लोगों को शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *