खेत मे मक्का तोड़ने गई युवती पर भालू ने किया हमला, हाथ में आई गंभीर चोटे, घटना से ग्रामीणों में दहशत का माहौल

Featured Latest छत्तीसगढ़ जुर्म

कोंडागांव। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में शुक्रवार सुबह खेत में मक्का तोड़ने गई एक युवती पर भालू ने हमला कर दिया। इस हमले में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। यह पूरा मामला फरसगांव थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम पाटला निवासी संजूला नेताम (27) शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे अपने घर के पास स्थित खेत में मक्का तोड़ने गई थीं। इसी दौरान खेत के आसपास छिपे भालू ने अचानक उसपर हमला कर दिया। युवती की गुहार सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसके बाद भालू जंगल की ओर भाग गया।

हमले में संजूला नेताम के हाथ में गंभीर चोट आई है। परिजनों और ग्रामीणों की मदद से उसे तत्काल फरसगांव स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र में जांच शुरू कर दी। वन अमला ग्रामीणों को सतर्क रहने की समझाइश भी दे रहा है। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ समय से क्षेत्र में भालुओं की आवाजाही लगातार बढ़ गई है, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है।

ग्रामीणों का कहना है कि सुबह और शाम के समय खेतों तथा जंगल किनारे जाने में अब लोगों को डर लगने लगा है। अकेले खेतों में काम करने जाने से भी ग्रामीण परहेज कर रहे हैं। लोगों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और वन्यजीवों की गतिविधियों पर निगरानी रखने की मांग की है।

लोगों को शेयर करें