बिलासपुर : जिले के मस्तुरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले जयरामनगर फाटक के पास आज एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहाँ ट्रेन की चपेट में आने से एक अज्ञात युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचित किया गया।
ट्रैक पर युवक का शव क्षत-विक्षत अवस्था में मिला है, जिससे यह अनुमान लगाया जा रहा है कि हादसा काफी भीषण रहा होगा। मस्तुरी थाना पुलिस ने मौके पर पहुँचकर शव को अपने कब्जे में ले लिया है और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
फिलहाल, मृतक की पहचान नहीं हो पाई है और पुलिस आसपास के ग्रामीणों व थानों की मदद से युवक की शिनाख्त करने के प्रयास में जुटी हुई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मर्ग कायम कर लिया है और जाँच के हर पहलू को खंगाल रही है कि यह महज एक दुर्घटना है या मामला कुछ और है।
