पुरानी रंजिश के कारण घर में घुसकर तीन महिलाओं से मारपीट, तोड़फोड़ का आरोप

Featured Latest छत्तीसगढ़ जुर्म

जांजगीर-चांपा : जांजगीर-चांपा जिले के मुलमुला थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कोसा माना डेरा में पुरानी रंजिश को लेकर घर में घुसकर तीन महिलाओं से मारपीट और तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि 26 जून की शाम करीब 6 बजे गांव के शिववरन यादव, रामअनुज यादव, विजय यादव और उनके अन्य साथी डंडे लेकर उनके घर पहुंचे। आरोप है कि आरोपियों ने पहले गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी और फिर जबरन घर में घुसकर महिलाओं के साथ मारपीट की।

पीड़िता के अनुसार, उस समय वह अपनी मां धनबाई और सास गंगोत्री केवट के साथ घर के अंदर बैठी हुई थी। आरोप है कि आरोपियों ने तीनों महिलाओं पर डंडों से हमला कर दिया, जिससे उनके सिर, हाथ और पीठ सहित शरीर के कई हिस्सों में चोटें आईं।

साथ ही घर में खड़ी पल्सर मोटरसाइकिल और कार में भी तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाया गया। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें तीनों घायल महिलाएं खून से लथपथ हालत में जमीन पर पड़ी दिखाई दे रही हैं। हालांकि, वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।

घटना की सूचना मिलने पर मुलमुला पुलिस मौके पर पहुंची और कोसा गांव से तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर थाने लाई है, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

लोगों को शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *