बैंक में 80 करोड़ रुपयों का घोटाला करने वाला आरोपी गिरफ्तार, मास्टरमाइंड पिता पहले से ही जेल में बंद

Featured Latest मध्यप्रदेश

शिवपुरी : जिले की कोलारस तहसील के सहकारी बैंक में 80 करोड़ रुपए का बहुचर्चित बैंक घोटाला सामने आया था, इस मामले में 3 साल से फरार आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी का पिता बैंक घोटाले के मुख्य और मास्टरमाइंड आरोपी है जो  पहले से जेल में बंद है.

81 लाख रुपयों का किया था गबन 

80 करोड़ के घोटाले में आरोपी शिवम पाराशर को कोलारस की स्थानीय पुलिस ने गिरफ्तार  करते हुए न्यायालय में पेश किया है. कोलारस की सहकारी बैंक शाखा में पदस्थ आरोपी शिवम पाराशर ने 81 लाख रुपए की राशि का गबन कर अपने खातों को इस्तेमाल करते हुए बैंक के साथ धोखाधड़ी की थी.

शिवम पाराशर के द्वारा बैंक के साथ की गई धोखाधड़ी का यह मामला 2020-21 में सामने आया था. तब से पुलिस इसकी तलाश कर रही थी. इसके खिलाफ कई गंभीर धाराओं के साथ भ्रष्टाचार अधिनियम की धारा के तहत मुकदमा पंजीबद्ध किया गया था.

मास्टरमाइंड पहले से है जेल में बंद

शिवपुरी के सहकारी बैंक घोटाले का मुख्य और मास्टरमाइंड आरोपी गिरफ्तार किए गए शिवम पाराशर का पिता है, जिसका नाम राकेश पराशर है. उसे बैंक के साथ की गई धोखाधड़ी के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है. इस बैंक घोटाले में और भी कई अफसर जांच के घेरे में है जिनके खिलाफ जांच तेज कर दी गई है और अब आरोपियों की धर पकड़ करना पुलिस ने शुरू कर दिया है.

लोगों को शेयर करें