विवाद के बाद ढाबा संचालक और कर्मचारियों पर पेट्रोल छिड़ककर की जिंदा जलाने की कोशिश, 6 आरोपी गिरफ्तार

Featured Latest छत्तीसगढ़ जुर्म

बिलासपुर। ढाबा संचालक और उसके कर्मचारियों को पेट्रोल छिड़ककर जिंदा जलाने की कोशिश करने वाले छह आरोपियों को सकरी थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक बटनदार चाकू सहित घटना में इस्तेमाल किए गए अन्य सामान भी जब्त किए हैं।

पुलिस के अनुसार पूरे विवाद की शुरुआत ढाबे में मोबाइल फोन खोने और उसे लेकर सीसीटीवी फुटेज देखने की मांग से हुई थी। इसी बात को लेकर पहले कहासुनी हुई और मामला बढ़ता चला गया।

जानकारी के मुताबिक, 15 जुलाई की सुबह करीब 10:20 बजे मुख्य आरोपी अपने पांच अन्य साथियों के साथ दोबारा ढाबे पर पहुंचा। वहां पहुंचते ही सभी आरोपियों ने ढाबा संचालक इस्माइल खान उर्फ सोनू और वहां काम कर रहे कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद आरोपियों ने मिलकर ढाबा संचालक और कर्मचारियों के साथ मारपीट की तथा उन्हें गंभीर रूप से धमकाया।

पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने का किया प्रयास

मारपीट के दौरान आरोपियों ने ढाबा संचालक और कर्मचारियों पर पेट्रोल छिड़क दिया। इसके बाद लाइटर से आग लगाकर उन्हें जिंदा जलाने की कोशिश की। विरोध करने पर आरोपियों ने बटनदार चाकू निकालकर जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद मामले की सूचना मिलते ही सकरी पुलिस हरकत में आई और त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

चाकू समेत अन्य सामान जब्त

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक बटनदार चाकू सहित घटना में इस्तेमाल किए गए अन्य सामान को भी जब्त कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास, मारपीट, धमकी और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। सकरी पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की विस्तृत पड़ताल की जा रही है।

लोगों को शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *