शातिर चोर गिरोह का पर्दाफाश, चोरी के 3 मामलों में 12 आरोपी गिरफ्तार, 31 लाख से अधिक के जेवरात जब्त

Featured Latest छत्तीसगढ़ जुर्म

महासमुंद : महासमुंद पुलिस को चोरी के तीन अलग-अलग मामलों में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामलों का खुलासा करते हुए बताया है कि कुल 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से करीब 31 लाख रुपये से अधिक के सोने-चांदी के जेवर, नकदी, मोटरसाइकिल और अन्य सामान बरामद किया है। पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने आज प्रेसवार्ता में पूरे मामले का खुलासा किया।

महासमुंद पुलिस ने एक साथ तीन बड़ी चोरी की वारदातों का पर्दाफाश कर शातिर चोरों के गिरोह पर शिकंजा कस दिया है। पहला मामला तुमगांव थाना क्षेत्र के अछोली गांव का है, जहां शादी में गए परिवार के सूने मकान का ग्राइंडर से ताला काटकर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवर चोरी कर लिए गए थे। पुलिस ने मुखबिर और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर राहुल उर्फ भोजदास साहू को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 7 लाख 26 हजार 940 रुपये के सोने-चांदी के जेवर, मोटरसाइकिल और ग्राइंडर बरामद किए हैं।

दूसरा मामला सिंघोड़ा थाना क्षेत्र का है, जहां नकबजनी करने वाले पारधी गिरोह के सात सदस्यों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों ने महासमुंद के अलावा सक्ती और कोरबा जिले में भी चोरी की घटनाएं करना स्वीकार किया है। पुलिस ने गिरोह से 12 लाख 46 हजार रुपये की संपत्ति बरामद की है, जिसमें सोना, चांदी और तीन मोटरसाइकिल शामिल हैं।

वहीं तीसरा मामला महासमुंद शहर की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी का है, जहां सूने मकान से चोरी करने वाले मध्यप्रदेश के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से 1 लाख 66 हजार 700 रुपये की संपत्ति, जिसमें मोबाइल फोन, मोटरसाइकिल और चांदी के आभूषण शामिल हैं, बरामद किए गए हैं।

तीनों मामलों में पुलिस ने कुल 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर करीब 31 लाख 39 हजार 640 रुपये की चोरी गई संपत्ति बरामद की है। पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने बताया कि तकनीकी विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से इन मामलों का सफल खुलासा किया गया है तथा आरोपियों के अन्य आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।

लोगों को शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *