दिव्यांग महिला की बेरहमी से हत्या : खाना नहीं बनाने से नाराज बेटे ने किया मां का कत्ल, दिव्यांग महिला की हत्या से इलाके में सनसनी

Featured Latest छत्तीसगढ़ जुर्म

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। जेवरा सिरसा चौकी क्षेत्र में एक दिव्यांग महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस चौकी से महज 100 मीटर दूरी पर हुई इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान सरस्वती पटेल (करीब 40 वर्ष) के रूप में हुई है, जो शारीरिक रूप से दिव्यांग थी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने मृतका के बेटे अश्वनी पटेल को हिरासत में लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी मानसिक रूप से अस्वस्थ है।

पुलिस जांच में सामने आया कि शनिवार देर रात मां-बेटे के बीच मामूली विवाद हुआ था। इसी दौरान अश्वनी पटेल ने घर में रखे डंडे से अपनी मां के सिर, माथे, हाथ, छाती और पेट पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

मामले की सूचना मृतका के भतीजे मनीष पटेल ने पुलिस को दी। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए चंदूलाल चंद्राकर मेडिकल कॉलेज भेजा। डॉक्टरों की शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोट लगने से मौत होने की पुष्टि हुई।

लोगों को शेयर करें