शराब पार्टी के दौरान हुआ विवाद, फिर दोस्तों ने बल्ली-पत्थर से हमला कर युवक को उतारा मौत के घाट, 2 नाबालिग समेत 8 गिरफ्तार

Featured Latest छत्तीसगढ़ जुर्म

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से दोस्ती को शर्मसार कर देने वाली एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। डाही गांव में शराब पार्टी के दौरान मामूली विवाद इतना बढ़ गया कि दोस्तों ने ही अपने साथी की बेरहमी से हत्या कर दी। सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि वारदात के दौरान मौके पर मौजूद अन्य दोस्त तमाशबीन बने रहे और किसी ने भी युवक को बचाने की कोशिश नहीं की। यह पूरा मामला कुरूद थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार, मृतक हुलास मंडावी महाराष्ट्र में नौकरी करता था और हाल ही में छुट्टी पर अपने गांव डाही आया हुआ था। सोमवार रात वह अपने 9 दोस्तों के साथ बैठकर शराब पी रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक हो गया।

विवाद के दौरान आरोपी रोशन ध्रुव और मुकेश यादव ने बल्ली और पत्थर से हुलास मंडावी के सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से हुलास ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस हत्याकांड में सबसे दर्दनाक पहलू यह रहा कि जब दोनों आरोपी हुलास पर हमला कर रहे थे, तब वहां मौजूद अन्य 6 दोस्त केवल तमाशबीन बने सब कुछ देख रहे थे। किसी ने भी बीच-बचाव करने या उसे बचाने की जहमत तक नहीं उठाई। इस घटना ने दोस्ती जैसे रिश्ते को भी कटघरे में खड़ा कर दिया है।

2 नाबालिग समेत 8 आरोपी गिरफ्तार

घटना की सूचना मिलते ही कुरूद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। वहीं मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 2 नाबालिगों सहित कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

लोगों को शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *