गांव-गांव में मनाया गया रोजगार एवं आवास दिवस, जी-राम-जी योजना के तहत श्रमिकों को मिलेगा 125 दिवस का रोजगार और 300 रुपये प्रतिदिन की मजदूरी

Featured Latest खरा-खोटी

रायपुर : जांजगीर-चांपा जिले की सभी ग्राम पंचायतों में रोजगार एवं आवास दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों को विकसित भारत जी-राम-जी योजना तथा प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के प्रभावी क्रियान्वयन की जानकारी दी गई। साथ ही पात्र हितग्राहियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के संबंध में जागरूक करते हुए अधिक से अधिक लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।

रोजगार एवं आवास दिवस के दौरान श्रमिकों को बताया गया कि विकसित भारत जी-राम-जी योजना के अंतर्गत अब पात्र ग्रामीण श्रमिकों को एक वित्तीय वर्ष में 125 दिवस तक रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा तथा 300 रुपये प्रतिदिन की मजदूरी दी जाएगी। इससे ग्रामीण परिवारों की आय में वृद्धि होगी, स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।

कार्यक्रम के दौरान रोजगार की मांग करने वाले श्रमिकों का पंजीयन, ई-केवाईसी, लंबित जियो टैगिंग, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत निर्माणाधीन आवासों की प्रगति की समीक्षा तथा हितग्राहियों की समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया गया। अधिकारियों ने अपूर्ण आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने तथा स्वीकृत हितग्राहियों को समय पर किस्त भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

जिला प्रशासन द्वारा सभी जनपद पंचायतों एवं ग्राम पंचायतों को निर्देशित किया गया है कि पात्र परिवारों को शासन की योजनाओं का लाभ पूर्ण पारदर्शिता एवं समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराया जाए। रोजगार एवं आवास दिवस के आयोजन से जिले में रोजगार सृजन, आवास निर्माण तथा ग्रामीण विकास कार्यों को और अधिक गति मिलने की उम्मीद है।

लोगों को शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *