कच्चे घर से खुशियों के आशियाने तक : प्रधानमंत्री आवास योजना ने बदली श्रीमती नीरावती के परिवार की जिंदगीे

Featured Latest खरा-खोटी

बारिश में टपकती छत से मिली राहत, अब सम्मान और सुरक्षा के साथ जी रहा परिवार

रायपुर : ग्रामीण अंचलों में जरूरतमंद परिवारों के जीवन में बदलाव ला रही प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) आज अनेक लोगों के लिए नई उम्मीद और सम्मानजनक जीवन का आधार बन चुकी है। सूरजपुर जिले के ग्राम पंचायत देवीपुर की रहने वाली श्रीमती नीरावती के जीवन में भी इस योजना ने ऐसा ही सुखद परिवर्तन लाया है। वर्षों तक कच्चे मकान की कठिनाइयों से जूझने वाला उनका परिवार अब अपने पक्के और सुरक्षित घर में खुशहाल जीवन बिता रहा है।

श्रीमती नीरावती बताती हैं कि पहले उनका परिवार एक जर्जर कच्चे मकान में रहता था। बारिश के दिनों में छत से पानी टपकता था, दीवारें कमजोर हो जाती थीं और हर मौसम चिंता लेकर आता था। बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित होती थी। आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं थी कि वे स्वयं पक्का मकान बनवा सकें। ऐसे में सुरक्षित घर का सपना अधूरा ही नजर आता था।

प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत पात्रता के आधार पर श्रीमती नीरावती का चयन हुआ और उन्हें शासन से आवास निर्माण के लिए आर्थिक सहायता मिली। इस सहायता से उन्होंने अपने परिवार के लिए मजबूत और सुविधायुक्त पक्का घर तैयार कराया। समय पर निर्माण पूरा होने के बाद अब उनका परिवार सुरक्षित वातावरण में रह रहा है।

नए घर ने केवल श्रीमती नीरावती के परिवार को छत ही नहीं दी, बल्कि उनके जीवन में आत्मविश्वास और सम्मान भी बढ़ाया है। अब बारिश और मौसम की परेशानियों का डर नहीं रहता। बच्चों को पढ़ाई के लिए बेहतर माहौल मिला है और पूरे परिवार के चेहरे पर संतोष और सुरक्षा की मुस्कान दिखाई देती है।

श्रीमती नीरावती भावुक होकर कहती हैं कि यह घर उनके परिवार के लिए किसी सपने के सच होने जैसा है। उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना गरीब परिवारों के जीवन में खुशियां और स्थायित्व लाने का कार्य कर रही है।

प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) आज केवल आवास निर्माण की योजना नहीं, बल्कि ग्रामीण परिवारों को सम्मान, सुरक्षा और बेहतर भविष्य देने का माध्यम बन रही है। सूरजपुर की श्रीमती नीरावती की कहानी इस बात का सशक्त उदाहरण है कि शासन की योजनाएं जब सही जरूरतमंदों तक पहुंचती हैं, तो वे जीवन बदलने का काम करती हैं।

लोगों को शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *