मानवता शर्मसार : नाबालिग को पेड़ से बांधकर बेरहमी से पीटा, किसान ने खेत में नुकसान और पुआल जलाने का लगाया आरोप

Featured Latest छत्तीसगढ़ जुर्म

जशपुर :  छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के पत्थलगांव थाना इलाके में एक घिनौनी घटना सामने आई है, लाखझर गांव में किसान ने खेत में नुकसान पहुंचाने और पुआल जलाने का आरोप लगाते हुए बगैर किसी ठोस प्रमाण के एक नाबालिग बालक को पेड़ से बांधकर बेरहमी से पीटा है।

किसान करमु राम ने बच्चे को बिना किसी साक्ष्य के दोषी ठहराते हुए उसे दिनदहाड़े पेड़ से बांधकर डंडों से मारकर उसे बुरी तरह से घायल कर दिया। वह कई घंटों तक उसी हालत में बंधा रहा। इतना ही नहीं उसने इसकी तस्वीर भी पंचायत विकास समिति नामक व्हाट्सग्रुप में शेयर कर दी। परिवार के सदस्यों को जब इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने मौके पर पहुंचकर बच्चे को छुड़ाया और आरोपी से नुकसान की भरपाई का वादा किया। घायल बच्चे को तुरंत स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

लोगों को शेयर करें