इंसानियत शर्मसार, दो मासूम बहनों से 4 महीने तक दरिंदगी, खेलने के बहाने बुलाकर आरोपी करता था रेप

Featured Latest छत्तीसगढ़ जुर्म

दुर्ग : जिले में मानवता को झकझोर देने वाला एक बेहद ही खौफनाक मामला सामने आया है. यहां दो सगी मासूम बहनों के साथ पिछले चार महीनों से लगातार दुष्कर्म किया जा रहा था. इस घिनौने कृत्य को अंजाम देने वाला कोई और नहीं, बल्कि पीड़ित बच्चियों के पड़ोस में रहने वाला एक 17 वर्षीय नाबालिग लड़का है. इस दिल दहला देने वाली घटना ने समाज और बच्चियों की सुरक्षा पर एक बार फिर गंभीर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं.

खेलने के बहाने करता था दरिंदगी

भिलाई नगर के सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि आरोपी नाबालिग लड़का मासूम बच्चियों को खेलने के बहाने बहला-फुसलाकर अपने घर ले जाता था और वहां उनके साथ इस दरिंदगी को अंजाम देता था. डरी-सहमी बच्चियां खौफ के कारण चुप रहीं. लेकिन कल अचानक एक बच्ची के प्राइवेट पार्ट में तेज दर्द होने के बाद, माता-पिता को पूरी सच्चाई का पता चला और इस घिनौने राज का पर्दाफाश हुआ.

पिता ने दर्ज कराई शिकायत

पीड़ित पिता ने बिना वक्त गंवाए तुरंत छावनी थाने में दोनों बच्चियों के लिए दो अलग-अलग शिकायतें दर्ज कराईं. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस रात करीब 1 बजे दोनों बच्चियों को मेडिकल टेस्ट के लिए अस्पताल लेकर पहुंची. इस दर्दनाक स्थिति में भी मासूम बच्चियों की मनोदशा ठीक रहे और वे डॉक्टर या अस्पताल के माहौल से डरे नहीं, इसलिए बेबस पिता अपने साथ गुब्बारा और चॉकलेट लेकर अस्पताल पहुंचा था, जो वहां मौजूद हर किसी की आंखें नम कर देने वाला दृश्य था.

आरोपी नाबालिग पुलिस की हिरासत में

पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मामला दर्ज होने के तुरंत बाद आरोपी नाबालिग को हिरासत में ले लिया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए इसमें सभी कानूनी और विधिवत कार्रवाई की जा रही है.

लोगों को शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *