जल जीवन मिशन से बदला ग्राम डोकरबुड़ा का परिदृश्य, पानी के लिए घंटों चलने वाले संघर्ष से ग्रामीणों को मिली मुक्ति

Featured Latest आसपास छत्तीसगढ़ प्रदेश

जलजनित बीमारियों में आई कमी, बच्चों की शिक्षा और महिला सशक्तिकरण को मिला नया संबल

रायपुर : जल जीवन मिशन के तहत ‘घर-घर पहुंचे स्वच्छ पेयजल’ ने न सिर्फ लोगों के स्वास्थ्य में सुधार किया है, बल्कि उनके रोजमर्रा के जीवन को भी आसान बना दिया है। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के घरघोड़ा विकासखंड स्थित ग्राम डोकरबुड़ा में जल जीवन मिशन के तहत हर घर तक नल से स्वच्छ पानी पहुंचने पर जीवन आसान हो गया है। 176 परिवारों वाले इस गांव में अब पानी के लिए संघर्ष नहीं करना पड़ता, जिससे स्वास्थ्य और बच्चों की पढ़ाई में सुधार हुआ है।

रायगढ़ जिले के विकासखंड घरघोड़ा के ग्राम पंचायत छर्राटांगर अंतर्गत स्थित ग्राम डोकरबुड़ा आज जल जीवन मिशन की सफलता की एक प्रेरणादायक मिसाल बन चुका है। 176 परिवारों और 772 की आबादी वाले इस गांव में अब प्रत्येक घर तक नल के माध्यम से स्वच्छ, सुरक्षित एवं पर्याप्त पेयजल नियमित रूप से पहुंच रहा है। कभी पानी की एक-एक बूंद के लिए दूर-दराज का सफर तय करने वाले ग्रामीण आज घर बैठे नल जल सुविधा का लाभ उठा रहे हैं। इस बदलाव ने न केवल ग्रामीणों की दिनचर्या को आसान बनाया है, बल्कि स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण विकास की दिशा में भी नया अध्याय जोड़ा है।

’समय और श्रम की बचत से संवर रही महिलाओं की जिंदगी’

डोकरबुड़ा की निवासी श्रीमती कुंतीमा राठिया ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि पहले उन्हें रोजाना कई बार पानी लेने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी। घर की जिम्मेदारियों के साथ-साथ पानी की व्यवस्था का पूरा भार उन्हीं पर था, जिससे दिन का बड़ा हिस्सा इसी में चला जाता था। कई बार तो बच्चों को भी पढ़ाई छोड़कर पानी लाने में हाथ बंटाना पड़ता था। कुंतीमा राठिया ने कहा  कि कनेक्शन मिलने से हमारी वर्षों पुरानी समस्या समाप्त हो गई है। अब जो समय बचता है, उसका उपयोग परिवार की देखभाल और अन्य आयवर्धक कार्यों में कर पा रही हूं।

’स्वास्थ्य में सुधार और शिक्षा को नई रफ्तार’

गांव में पाइपलाइन बिछाकर हर घर तक नल कनेक्शन देने के बाद पेयजल की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की गई है। स्वच्छ पानी मिलने से गांव में जलजनित बीमारियों में भारी कमी आई है, जिससे ग्रामीणों का इलाज पर होने वाला खर्च भी काफी घट गया है। इसके अलावा, बच्चों को अब पानी ढोने की मशक्कत से आजादी मिल गई है, जिससे वे नियमित रूप से स्कूल जाकर अपनी पढ़ाई पर पूरा ध्यान केंद्रित कर पा रहे हैं।

’सामाजिक और आर्थिक बदलाव की ओर अग्रसर गांव’

जल जीवन मिशन ने डोकरबुड़ा में सिर्फ नल से जल पहुंचाने का काम नहीं किया है, बल्कि गांव के सामाजिक और आर्थिक ताने-बाने को भी सशक्त बनाया है। ग्रामीण अब जल संरक्षण, स्वच्छता और सुरक्षित जल के उपयोग के प्रति जागरूक हो चुके हैं। आज ग्राम डोकरबुड़ा इस बात का जीवंत प्रमाण बन गया है कि जब हर घर तक नल से जल पहुंचता है, तो सिर्फ प्यास ही नहीं बुझती, बल्कि पूरे गांव के विकास को एक नई रफ्तार मिलती है।

लोगों को शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *